News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बिल्हा ब्लाक के ग्राम घोघरा में राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य सरपंच व सचिव द्वारा बलपूर्वक रुकवा देने का मामला सामने आया है। मजदूरों व ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने बिल्हा सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
घोघरा के ग्रामीण आज कलेक्टोरेट पहुंचे। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि घोघरा व उसके आश्रित ग्राम कोहरौदा में रोजगार गारंटी योजना के तहत नदी तक पहुंच मार्ग बनाया जाना है। इसके लिए 1 मई को काम शुरू किया गया था। मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। 3 मई को गांव की सरपंच व सचिव वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए काम रुकवा दिया।
इसकी लिखित शिकायत एसडीएम, बिल्हा तहसीलदार व जिला पंचायत सीईओ से की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाते हुए कहा है कि काम शुरू करने के लिए ठोस पहल की जाए, अन्यथा धरना-आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने ज्ञापन में पूर्व में कराए गए कार्यो में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा है कि तालाब गहरीकरण व स्कूल मैदान समतलीकरण के नाम पर शासकीय राशि में धांधली की गई है। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं में रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर ने सीईओ बिल्हा को निर्देश दिया है कि वे मामले की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें और रुका हुआ काम फिर से प्रारंभ करवाएं।