News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायगढ़. यह अजीबोगरीब कहानी उस समय सामने आई जब आपस में झगड़ने के बाद दो महिलाएं व एक युवती कोतवाली थाने पहुंचीं। सिलाई सिखाने वाली कयाघाट निवासी संतोषी (23) तकरीबन ४ साल से एक महिला मालती यादव को (32) पत्नी बनकर उसके साथ रह रही थी। लेकिन संतोषी की जिंदगी में एक और युवती रेवती के आ जाने से मामले में नया मोड़ आ गया।
दरअसल मालती की शादी कुछ बरसों पहले लक्ष्मीनारायण यादव से हुई, उनके 3 बच्चे हैं। पति द्वारा रोज-रोज की मारपीट से परेशान मालती ने संतोषी से आर्थिक मदद मांगी। इस पर संतोषी ने उसे अपने साथ रहने का प्रस्ताव दिया, जिसे मालती ने स्वीकार कर लिया। तब मालती अपने पति व तीनों बच्चों को छोड़कर संतोषी की पत्नी बनकर रहने लगी।
दोनों का दांपत्य जीवन ४ साल तक आराम से चला। पर 3 महीने पहले एक अन्य लड़की रेवती साहू (18) का दिल संतोषी पर आ गया। वह अपने गांव धाना में परिवार को छोड़कर संतोषी के साथ रहने लगी। कुछ दिनों तक तीनों साथ रहे। इसके बाद मालती व रेवती दोनों में झगड़ा होने लगा। रेवती हमेशा मालती को मारती व घर से निकलने का दबाव बनाती थी, जिसका संतोषी भी विरोध नहीं करती थी।
यह चर्चा पुलिस तक पहुंची व पुलिस तीनों को थाने ले आई। कोतवाली पुलिस ने तीनों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, बाद में वे जमानत पर छूट गईं। प्रेमिका रेवती पर संतोषी का प्रेम सिर चढ़कर बोल रहा है। थाने में रेवती ने बताया कि सिर्फ संतोषी से प्रेम करती हूं और उसके ही साथ रहना चाहती हूं। घर नहीं जाऊंगी और न ही परिवारवालों से मिलूंगी।
मालती, संतोषी को छोड़ देगी
मालती ने बताया कि उसने अपने पति लक्ष्मीनारायण को 4 साल पहले तलाक देकर संतोषी को पति मान लिया था। पर 3 महीने से संतोषी की प्रेमिका रेवती भी घर में रहने लगी, जिसे संतोषी भी चाहने लगी थी। इस वजह से भी रेवती मारपीट करती थी। मालती का कहना है कि अब संतोषी को भी छोड़ दूंगी।