News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर अब रात दस बजे तक आरक्षित टिकट बनवाए जा सकेंगे। झांसी रेल मंडल ने सोमवार से ग्वालियर व झांसी स्टेशन पर दो-दो आरक्षण काउंटर रात्रि दस बजे तक खोले रखने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
गर्मी के दिनों में शहरवासी धूप की वजह से आरक्षण कार्यालय जाने से परहेज करते हैं। वैसे भी लंबी लाइन के कारण यात्रियों को टिकट बनवाने में पसीना-पसीना होना पड़ता है। रेल अधिकारियों ने इस पर ध्यान दिया। अभी तक स्टेशन स्थित आरक्षण कार्यालय की खिड़की नम्बर एक रात्रि दस बजे तक खुलती थी। उस पर सिर्फ आरक्षण निरस्त किए जाते हैं। सोमवार से दो आरक्षण काउंटर रात दस बजे तक खोले रखने व्यवस्था शुरू कर दी गई। ग्वालियर के अलावा झांसी में भी दो आरक्षण काउंटर खोल दिए गए हैं। इन काउंटरों पर आरक्षित टिकट बनाने तथा निरस्त किए जाने का काम होगा। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश हैं कि रात्रि दस बजे तक खुलने वाले आरक्षण काउंटरों पर सुपरवाइजर विशेष ध्यान रखें।
यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए दो काउंटर रात्रि दस बजे तक खुले रहेंगे। इससे यात्री रात्रि में भी आकर अपना टिकट बनवा सकेंगे।
प्रवीण पांडे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक झांसी रेल मंडल