HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

पंजाब की चुनावी हिंसा में दो मरे, दो दर्जन जख्मी

चंडीगढ़सत्ता पाने की भूख दुश्मनों से तो लड़ाती ही है, अपनों को भी पराया कर देती है। पंजाब में सोमवार को जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। अकालियों के कांग्रेसी समर्थकों से सशस्त्र संघर्ष के अलावा बूथ कैपचरिंग और फायरिंग से कई जगह चुनाव स्थगित हुआ। अकालियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नहीं बख्शा।

पंजाब में सोमवार को हुए जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। इसमें अकाली कांग्रेसियों से भिड़े ही, अपने सत्ता सहयोगी भाजपाइयों से भी जमकर लड़े। इस हिंसा दो लोग मारे गए और दो दर्जन से ज्यादा जख्मी हुए। चुनावी धांधलियों के चलते छह जिलों के कई स्थानों पर मतदान स्थगित कर दिया गया। इन चुनावों में 67 प्रतिशत मतदान हुआ। वोटों की गिनती 14 मई को होगी। जहां मतदान स्थगित हुआ है वहां 26 मई को वोट पड़ेंगे। अमृतसर जिले में अकाली और कांग्रेस समर्थकों के बीच सशस्त्र संघर्ष में एक कांग्रेस समर्थक मारा गया। मोरिंडा के गांव डूमछेड़ी में एक अकाली समर्थक की मौत हो गई। तरनतारन में अकाली दल विधायक हरमीत सिंह संधू व भाजपा विधायक अनिल जोशी के समर्थकों में झगड़ा हुआ।

इसमें जोशी समेत 9 भाजपाई और 4 अकाली घायल हो गए। मोगा में एक पोलिंग स्टेशन के बाहर गोली चलने से एक व्यक्ति जख्मी हुआ, पर वहां मतदान नहीं रोका गया। बठिंडा में गांव बुर्ज गिल में भाजपा प्रत्याशी जसविंदर कौर के पोलिंग बूथों का जायजा लेने पहुंचे स्मॉल स्केल इंड्रस्ट्रियल बोर्ड के वाइस प्रेसीडेंट डीपी चंदन, भाजपा के शहरी महासचिव एडवोकेट नवीन सिंगला, भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह उर्फ काका को अकाली समर्थकों ने दौड़ा-दौड़ा कर लाठियों व तेजधार हथियारों का वार कर जख्मी कर दिया। इस झड़प में महिला मोर्चा की वाइस प्रेसीडेंट सुनीता गौतम, भाजपा की स्टेट कमेटी के मेंबर मोहित गुप्ता को भी चोटें लगीं।

अकालियों से हुई झड़प में भाजपा के आधा दर्जन से ज्यादा वर्कर जख्मी हो गए। बुर्ज गिल में पथराव भी हुआ। इसमें दर्जन से ज्यादा पुलिस मुलाजिमों को भी चोटें आई हैं। पटियाला में दो जगहों पर गोली चली। पटियाला, फरीदकोट, गुरदासपुर, संगरूर, अमृतसर और एसएएस नगर में दो गुटों में आपसी झगड़े हुए। इनमें कुछ पोलिंग स्टेशनों पर ज्यादा तनाव देख ऑब्जर्वर ने चुनाव स्थगित कर दिया। इसकी पुष्टि चुनाव आयोग के उच्च अधिकारी ने की है।

आयोग के अनुसार करीब डेढ़ करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 20 जिला परिषदों के 320 जोनों और 141 ब्लाक समितियों के 2745 जोनों में चुनाव हुआ । 17,714 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: