नई दिल्ली. अंतर्राष्ट्रीय चीनी संगठन (आईएसओ) ने वर्ष 2007-08 के दौरान 80 लाख टन चीनी के सरप्लस स्टाक का अनुमान लगाया है। संगठन द्वारा फरवरी में जारी मांग -आपूर्ति रिपोर्ट के अनुमान 93.09 लाख टन से यह कम है।
आईएसओ के अनुसार मौजूदा गन्ना वर्ष के अंत यानी सितंबर 2008 तक रुझान कुल मिलाकर नरमी के ही रहेंगे। लेकिन वर्ष 2008-09 के लिए मांग और आपूर्ति की मौजूदा स्थिति में बदलाव की संभावना व्यक्त की गई है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की वजह से चीनी की कीमतों में बढ़त की संभावना बरकरार है। कच्चे तेल की कीमत फिलहाल अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 125 डालर प्रति बैरल के आस-पास चल रही है। उधर अंतर्राष्ट्रीय बाजार यानी आईसीई में चीनी की कीमत 11.65 सेंट प्रति पौंड है।