Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood नई दिल्ली.
खुद को सक्रिय राजनीति से दूर बताकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी शुभकामनाएं हमेशा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ हैं। अमिताभ ने एक इंटरव्यू में स्वास्थ्य मंत्री पर दोबारा निशाना साधा और राज ठाकरे विवाद पर कुछ भी कहने से वे एक बार फिर बचे।
परदे पर धूम्रपान के संबंध में लगातार टिप्पणी को लेकर अंबुमणि रामादौस पर हमला करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को फिल्म उद्योग की छवि खराब करने के बदले अपने लोगों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
अमिताभ ने कहा कि मैं मंत्री से अनुरोध करूँगा कि वे अपने लोगों पर ध्यान केंद्रित करें। शाहरुख खान या मुझे परदे पर शराब या धूम्रपान छोड़ने के लिए कहना फिल्म उद्योग की छवि खराब करने का प्रयास है। ऐसा नहीं होना चाहिए।
उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया कि परदे पर शराब या धूम्रपान से लोगों को आम जीवन में ऐसी आदतों के प्रति बढ़ावा मिलता है।
मेगास्टार ने एक निजी टेलीविजन के साथ बातचीत में कहा कि हम जो परदे पर दिखाते हैं अगर उससे देश इतना प्रभावित होता है तो आप भारत के विभाजन का विश्लेषण कैसे करेंगे, जो मेरे लिए सबसे अधिक दुखदायी है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित गठजोड़ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सक्रिय राजनीति से अपने को दूर बताते हुए कहा कि ये सब राजनीतिक घटनाएँ हैं, जो मेरे लिए नहीं हैं। मेरी शुभकामनाएँ हमेशा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गाँधी प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार हैं, अमिताभ ने कहा यह फैसला मुझे नहीं करना है, लेकिन मेरी शुभकामनाएँ उनके साथ हैं।
राज ठाकरे के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर अमिताभ ने कहा कि भारत एक आजाद देश है और हरेक को अभिव्यक्ति की आजादी है। मैं भी अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र हूँ। मैं भारतीय संविधान में विश्वास करता हूँ और उसके अनुसार काम करता हूँ। जब तक मैं कानूनी दायरे में काम कर रहा हूँ, मुझे इससे परेशान होने की आवश्यकता नहीं है कि दूसरे क्या कह रहे हैं।