HomeNewsInternational International

पाक : नौ मंत्रियों के इस्तीफे

इस्लामाबाद. पाकिस्तान की राजनीति में जजों की बहाली पिछले दिनों से बड़ा मुद्दा बना हुआ है और अपनी पार्टी के चुनावी एजेंडे में जजों की बहाली को शामिल करने वाली नवाज शरीफ की पार्टी के नौ मंत्रियों ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। वहीं जरदारी ने कहा कि उनकी पार्टी पीपीपी शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के साथ इस मुद्दे पर बातचीत जारी रखेगी।

जरदारी ने कहा कि हम [शरीफ के साथ] बातचीत जारी रखेंगे और उन्हें दूर नहीं होने देंगे। एक वेबसाइट की खबर के मुताबिक उन्होंने कहा कि वित्त मंत्रालय को छोड़कर पीएमएल-एन द्वारा छोडे़ गए अन्य आठ कैबिनेट पद खाली रहेंगे और नवाज शरीफ की वापसी का इंतजार करेंगे। जरदारी ने कहा कि वे सरकार के लिए विपक्षी पीएमएल-क्यू का समर्थन नहीं चाहते।

उन्होंने कहा कि पीपीपी ने अगले माह बजट पेश करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया जारी रखने के लिए वरिष्ठ पीएमएल-एन नेता इशहाक डार की जगह एक नया वित्ता मंत्री नियुक्त करने का फैसला किया है। बजट से मुद्रास्फीति तथा बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जाएगी और सरकार नहीं चाहती कि यह प्रक्रिया बाधित हो।

अखबार डान ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि वरिष्ठ बैंकर शौकत तरीन को इस मकसद से चुना गया है और उनके एक सलाहकार की हैसियत से सरकार में शामिल होने की उम्मीद है। पीपीपी सूत्रों ने हालांकि कहा कि पीएमएल-एन अगर सरकार का हिस्सा नहीं बनने के अपने फैसले पर अडिग रहती है तो उसके मंत्रियों की जगह सक्षम उम्मीदवारों की एक सूची तैयार करने का काम पार्टी ने शुरू कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि पीएमएल-एन बर्खास्त जजों की बहाली के लिए तय दूसरी समयसीमा के खत्म होने पर सोमवार को सत्तारूढ़ सरकार से हट गई थी। शरीफ ने कहा है कि उनकी पार्टी मुद्दा दर मुद्दा आधार पर पीपीपी नीत सरकार को समर्थन देती रहेगी।

जरदारी ने हालांकि जियो न्यूज को सोमवार देर रात लंदन से बताया कि मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं और पीपीपी जजों की बहाली को लेकर गतिरोध दूर करने के लिए पीएमएल-एन के साथ बातचीत जारी रखेगी, ताकि गरीबों को खाद्य, आवास तथा कपड़े मुहैया कराने जैसे अन्य ज्वलंत मुद्दों पर सरकार ध्यान केंद्रित कर सके।

जरदारी ने कहा कि पीपीपी और पीएमएल-एन अभी भी सहयोगी हैं। पीपीपी न्यायपालिका की बहाली में पूरा विश्वास रखती है, लेकिन पीएमएल-एन के साथ कुछ मतभेद हैं, जिन्हें सुलझाने के लिए दोनों दल प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि पीपीपी पंजाब प्रांत में पीएमएल-एननीत गठबंधन सरकार को समर्थन देना जारी रखेगी।

संबंधित खबरें
* शरीफ से बातचीत की कोशिश जारी:जरदारी
* पाकिस्तान अपने मतभेद खुद सुलझाएं
* पाक: सरकार के गले की फांस बनी जजों की बहाली
* नहीं निकला जजों की बहाली का हल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: