मोहाली. इंडियन प्रीमियर लीग के ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में अब तक हर मैच के बाद शीर्ष स्कोरर बनते जा रहे बल्लेबाज को ऑरेंज कैप दी जा रही थी लेकिन अब इसी तर्ज पर शीर्ष गेंदबाज को बैंगनी कैप देने का फैसला किया गया है। मौजूदा सत्र की समाप्ति के बाद अंतिम दिन प्रतियोगिता में सबसे अधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज को बैंगनी कैप 2008 का विजेता घोषित किया जाएगा। बराबर-बराबर विकेट होने की स्थिति में रन औसत के आधार पर विजेता का नाम घोषित किया जाएगा। आईपीएल के अध्यक्ष ललित मोदी ने कहा कि आईपीएल के उद्घाटन सत्र में हमने देखा कि ट्वेंटी-20 मैचों में टीम को जीत दिलाने में बल्लेबाजों की तरह गेंदबाजों की भी अहम भूमिका है। इसलिए हमने फैसला किया है कि मैच समाप्त होने के बाद शीर्ष गेंदबाज को भी सम्मानित किया जाए।