जोधपुर. राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की बीएएमएस परीक्षा की तिथि बुधवार को तय होगी। इन विद्यार्थियों की परीक्षा 8 मई से शुरू होने वाली थी, सीकर के परशुराम पुरिया कॉलेज के विद्यार्थियों के आंदोलन के कारण ये परीक्षाएं आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई थीं।
सीकर के पशुरामपुरिया कॉलेज के करीब 250 विद्यार्थियों को जब कम उपस्थिति के कारण परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया तो वे सड़कों पर उतर आए थे। उनके आंदोलन को ध्यान में रखते हुए यह परीक्षा आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई थी। वहीं राज्यपाल तथा आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति शीलेंद्रकुमार सिंह आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की बीएएमएस की परीक्षाएं जांच के बाद करवाने के आदेश दिए थे। उन्होंने इस मामले में यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बनवारीलाल गौड़ के साथ विस्तृत विचार विमर्श कर एक कमेटी गठित करने तथा मामले का तुरंत निस्तारण करवाने के दिशा निर्देश दिए थे। कमेटी की पहली बैठक बुधवार को करवड़ स्थित परिसर में आयोजित होगी।
क्या होगा विचार विमर्श
बैठक में आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की ओर से कलेक्टर को लिखे पत्र के बाद आए परशुरामपुरिया कॉलेज के छात्रों की उपस्थिति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी तथा बीएएमएस के विद्यार्थियों की परीक्षाओं की तिथि तय की जाएगी। इसी तरह सीकर के परशुरामपुरिया महाविद्यालय के विद्यार्थियों के भविष्य का फैसला भी होगा।
चिकित्सा मंत्री से मिले कुलपति
यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बनवारीलाल गौड़ चिकित्सा मंत्री नरपतसिंह राजवी से मिले तथा उन्होंने यूनिवर्सिटी की कुछ समस्याओं पर विचार विमर्श किया। उन्होंने स्वास्थ्य भवन में चल रहे आयुर्वेद चिकित्सालय को स्थानांतरित नहीं करने का आग्रह भी किया। सीकर के विद्यार्थियों के बारे में नियमों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र फैसला करने के निर्देश दिए।