HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

‘दरगाह की सुरक्षा स्टेट का मैटर’

अजमेर. सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए धन की कमी का मुद्दा सामने आने लगा है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जैसवाल के सुर में सुर मिलाते हुए दरगाह कमेटी ने भी अब सुरक्षा को राज्य सरकार का मुद्दा बता कर हाथ खड़े कर दिए हैं। बजट के अभाव में कमेटी 25 लाख रुपए लागत की एक्स-रे मशीन और फिक्स डोरफ्रेम मैटल डिटेक्टर भी नहीं लगा सकी है।

दरगाह नाजिम अहमद रजा ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में खुलासा किया कि सुरक्षा पर लगभग एक करोड़ रुपए खर्च होंगे। 8 मई तक दरगाह कमेटी 19 लाख 91 हजार रुपए सुरक्षा पर खर्च कर चुकी है। कमेटी ने उन्हें इतना ही बजट खर्च करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने माना कि यह बजट ऊंट के मुंह में जीरे के समान है, लेकिन कमेटी के पास संसाधन सीमित हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा स्टेट का मैटर है।

21 कैमरे..
रजा ने बताया कि परिसर में 16 कैमरे पहले से लगे हुए हैं। 5 और उच्च क्षमता के कैमरे लगाए जा चुके हैं। इन्हें मिला कर 21 कैमरे लग चुके हैं। ये सभी काम कर रहे हैं और रिकार्डिंग की जा रही है। एक-दो दिन में दो कैमरे और लग जाएंगे।

जयपुर में पंद्रह साल पहले विफल हुई थी साजिश

जयपुर में पंद्रह साल पहले सीरियल बम ब्लास्ट की साजिश विफल हो गई थी। मामले में चार कुख्यात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। चारों फिलहाल अजमेर की सेंट्रल जेल में बंद हैं। इनके खिलाफ टाडा विशेष अदालत में मामला विचाराधीन है।

जयपुर में 30 सितंबर 1993 का दिन दहशत से भरा था। चांदपोल बाजार में गेट के पास रमेश मीणा नामक किशोर को टिफिन में रखी घड़ीनुमा वस्तु मिली थी। उसने उसे जैसे ही खोला, विस्फोट हो गया। इस घटना के बाद पुलिस ने संजय सर्किल, गोवर्धननाथ मंदिर से टिफिन बम बरामद किए थे। तफ्तीश के बाद मुंबई निवासी डा. जलीस अंसारी, रायबरेली निवासी डा. हबीब अहमद, लखनऊ निवासी मोहम्मद जमाल अलवी और कसौना खुर्द (उप्र) निवासी उबरे रहमत अंसारी को गिरफ्तार किया गया था।

मास्टर माइंड टूंडा फरार
जयपुर में सीरियल बम ब्लास्ट की साजिश के मास्टर माइंड आतंकी अब्दुल करीब लाला उर्फ टूंडा फरार है। सीबीआई ने उस पर तीन लाख रुपए का ईनाम घोषित कर रखा है। वह लश्कर-ए- तैयबा के नेटवर्क से जुड़ा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: