अजमेर.
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सीनियर सेकंडरी वाणिज्य वर्ग का परीक्षा परिणाम बुधवार शाम चार बजे घोषित करेगा। परिणाम 79.23 फीसदी रहा है। जयपुर के आशीष विजय ने मेरिट में पहला स्थान प्राप्त किया है।
बोर्ड के अनुसार नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 83.36 तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का 28.17 फीसदी रहा है। परीक्षा के लिए 44 हजार 357 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें से 43 हजार 258 ने परीक्षा दी। नियमित परीक्षार्थियों की संख्या 40 हजार 21 तथा स्वयंपाठी छात्रों की संख्या तीन हजार 237 है। परीक्षा में 34 हजार 272 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं।
छात्राएं फिर आगे
गत वर्ष की तरह इस साल भी छात्राओं का परीक्षा परिणाम छात्रों की तुलना में ऊंचा रहा है। 89.56 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं जबकि छात्रों का परीक्षा परिणाम 76.21 फीसदी रहा है।
आशीष प्रथम, अंकित द्वितीय
बोर्ड ने मेरिट लिस्ट के प्रथम तीन स्थानों के नामों की घोषणा कर दी है। बोर्ड सचिव एलडी यादव के अनुसार मेरिट लिस्ट में प्रथम दो स्थानों पर जयपुर के छात्रों ने बाजी मारी है। जयपुर मुरलीपुरा स्थित एनके पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल मुरलीपुरा के छात्र आशीष विजय पुत्र हरी शंकर विजय (नामांक 1318317) अव्वल रहे। आशीष ने 650 में से 601 अर्थात 92.46 अंक हासिल किए हैं।
जयपुर के ही तिलक नगर स्थित माहेश्वरी सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र अंकित खंडेलवाल पुत्र कृष्ण मुरारी खंडेलवाल (नामांक 1315330) ने 650 में से 600 अर्थात 92.31 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। अजमेर जिले के ब्यावर स्थित श्रीमती कंचन देवी जैन सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र गोपाल सोमानी पुत्र श्याम सुंदर सोमानी (नामांक 1301848) ने 595 अर्थात 91.54 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है।
सीए बनने की ख्वाहिश
गोपाल ने बताया कि वह भविष्य में सीए या सीएस बनना चाहता है। पेटिंग, खेल एवं संगीत उसकी हॉबी है। गोदावरी स्कूल मार्ग निवासी गोपाल सोमानी ने यह उपलब्धि मां के नाम बतौर श्रद्धांजलि अर्पित की। उसने बताया कि एक फरवरी को मां का निधन हो गया था। परिजन के समझाने पर उसने जैसे-तैसे खुद को संभाला। मां के इस तरह चले जाने से परीक्षा की तैयारियां में भी बाधा आने लगी, लेकिन टीचर्स ने उसे परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार किया।
8 वीं बोर्ड में भी मेरिट में : गोपाल ने आठवीं बोर्ड की परीक्षा में भी मेरिट में स्थान प्राप्त किया था। हालांकि तब वह दसवें स्थान पर था। दसवीं की परीक्षा में उसने 90.67 प्रतिशत अंक हासिल किए, लेकिन एक प्रतिशत से मेरिट में पिछड़ गया।
मां भी थी मेरिट होल्डर : यह एक सुखद संयोग है कि गोपाल की मां जोधपुर निवासी सुशीला देवी भी दसवीं में मेरिट होल्डर थीं। उनका सपना था कि बेटा भी मेरिट में स्थान प्राप्त करे।