News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. भिण्ड जिले के मालनपुर थाने के टीआई रमाकांत वाजपेयी की मौत के मामले में शिवपुरी निवासी महिला प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा और उसके भाई आनंद मिश्रा के खिलाफ मालनपुर थाने में आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण पंजीबद्ध होने के दोनों घर से गायब हो गए हैं । सोमवार तक दोनों भाई-बहन शिवपुरी में रहकर मीडिया से रूबरू होते रहे पर मंगलवार को वे अचानक जाने कहां चले गए ।
गौरतलब है कि टीआई रमाकांत वाजपेयी ने 7 मई को अपने विश्राम गृह में जहर खा लिया था। उन्हें इस घटना के बाद पहले ग्वालियर, फिर दिल्ली ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। श्री वाजपेयी ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा, उसके भाई, पिता एवं चार पुलिस अधिकारियों के नामों का हवाला है।
सोमवार को इस सुसाइड नोट के आधार पर मालनपुर थाने में कमलेश मिश्रा व अन्य पर भादंवि की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद से ही कमलेश, उसका भाई आनंद पुरानी शिवपुरी स्थित घर से गायब हो गए। आज जब उनसे संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए गए तो वे उपलब्ध नहीं हो सके और कमलेश का मोबाइल भी बंद मिला।
इधर शिवपुरी पुलिस को कमलेश मिश्रा के बारे में कुछ भी पता नहीं है। एसपी डीसी शर्मा का कहना है कि कमलेश का शिवपुरी पुलिस से कोई वास्ता नहीं है और न ही उसकी गिरफ्तारी के लिए कोई टीम शिवपुरी आई है।