News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior भिंड. भारतीय स्टेट बैंक से मंगलवार की दोपहर गल्ला व्यापारी के मुनीम को गोली मारकर तीन बदमाश नोटों से भरा बैग छीन ले गए। बैग में 6 लाख 20 हजार रुपए बताए गए हैं।
सीएसपी धर्मेन्द्र सिंह छाबई ने बताया कि गल्ला मंडी स्थित संगम ट्रेडर्स के मालिक सतीश जैन का मुनीम विकास गुप्ता पुत्र रामौतार गुप्ता निवासी सुभाषनगर विकास जैन निवासी गल्ला मंडी एवं ड्राइवर विमलेश निवासी जैन डिग्री कालेज के पीछे भिंड कार क्रमांक एमपी07 सीए 2522 में सवार होकर एसबीआई पहुंचे थे। वहां से उन्होंने दोपहर 1.30 बजे करीब चेक क्रमांक 000475 से पांच लाख रुपए तथा चेक क्रमांक 165078 से 1 लाख 20 हजार रुपए निकाले।
यह राशि निकालने के बाद विकास गुप्ता ने नोटों से भरा बैग कार में पीछे की सीट पर रखा और गाड़ी में बैठकर जैसे ही चलने को हुए, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आए और उन्होंने बड़ी फुर्ती से कार के बगल वाले शीशे को कट्टे की मूठ से तोड़ा और पीछे की सीट पर रखे बैग को उठाने का प्रयास किया। विकास गुप्ता ने जब देखा कि बदमाश बैग ले जाने का प्रयास कर रहे हैं तो बैग पकड़ना चाहा। बस इसी प्रयास में बदमाशों ने विकास के हाथ पर गोली चला दी और नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद गाड़ी का ड्राइवर विमलेश और विकास जैन घायल विकास गुप्ता को लेकर सीधे जिला चिकित्सालय पहुंचे जहां उसका उपचार किया जा रहा है। लूट की जानकारी मिलने पर सीएसपी ने बैंक जाकर प्रबंधक एके गुप्ता एवं बैंक गार्ड से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस पार्टियों को दौड़ाया गया है। उधर गल्ला मंडी में लूट की सूचना मिलते ही गल्ला व्यापारियों की भीड़ जिला चिकित्सालय में लग गई। कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष माखनलाल जाटव भी तुरंत चिकित्सालय पहुंचे और घायल विकास गुप्ता का हालचाल पूछा।
गार्ड बैंक से नहीं निकला बाहर
एसबीआई बैंक में सुरक्षा के लिए एक नहीं, बल्कि दो गार्ड तैनात हैं। एक बाहर तथा दूसरा अंदर रहता है लेकिन मंगलवार को हुई घटना के वक्त दोनों गाडरे में से किसी ने भी बाहर आकर घटना की जानकारी लेने का प्रयास नहीं किया। पूछताछ में सीएसपी को सिर्फ इतना बतया कि घटना के वक्त लंच हो गया था और बैंक में भीड़भाड़ होने के कारण वे बाहर नहीं आ सके।
.. तो हो सकती थी बड़ी लूट
एसबीआई से सतीश जैन को सिर्फ 6 लाख 20 हजार नहीं, बल्कि कुल 33 लाख 20 हजार की रकम निकालना थी। उनके बैंक में कुल पांच चेक लगे थे। एक चेक 5 लाख का, एक चेक 1 लाख 20 हजार का दो चेक 10-10 लाख के तथा एक चेक 7 लाख का था। कै शियर विनीता जैन ने बताया कि उनके पास सिर्फ 6 लाख 20 हजार रुपए कैश होने से उन्होंने थोड़ी देर तक यहां इंतजार भी किया था, लेकिन जब उनसे कहा गया कि शेष भुगतान लंच के बाद किया जाएगा तब वे यहां से वापस फर्म के लिए चले गए थे। सीएसपी का कहना है कि इतनी बड़ी रकम का भुगतान होना है,यह सूचना बदमाशों के पास होने का मतलब है कि फर्म से संबंधित किसी व्यक्ति द्वारा बदमाशों तक सूचना पहुंचाई होगी। लूटी गई रकम में 500,100 एवं 50 के नोट हैं।