HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

हर आधे घंटे में फोन करना बेटा!

उदयपुर. जयपुर में बम ब्लास्ट की सूचना मिलने पर उदयपुर में भी लोगों में दहशत फैल गई। खासकर ऐसे लोग बेहद चिंतित हुए जिनके बच्चे जयपुर या आसपास पढ़ाई-नौकरी के कारण घरवालों से दूर हैं। लोकमान्य टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में असिसटेंट प्रोफेसर डा. शशि चित्तोड़ा ने बताया कि उनका बेटा जयपुर में श्रीबालाजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ रहा है।

टीवी पर जैसे ही ब्लास्ट की खबर देखी, दिल धक्क रह गया और बेटे से बात करने के बाद ही चैन पड़ा। उन्होंने बेटे को हास्टल से बाहर नहीं निकलने व हर आधे-एक घंटे में फोन करते रहने की हिदायत दी। राजस्थान एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रोफेसर आर.सी.तिवारी की बिटिया आकांक्षा महर्षि अरविंद कॉलेज में बीटेक कोर्स कर रही है।

डा.तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर उन्होंने भी तुरंत बेटी से संपर्क साधा। पूरे परिवार ने बच्ची से बात करने के बाद राहत महसूस की। जयपुर में पढ़ रहे पुत्र को लेकर चिंतित गणोशलाल व श्रीमती मुन्नादेवी चित्तौड़ा ने बताया कि उनके बेटे विपुल को सावधानी बरतने की हिदायतें दी है।

लोग बच्चों के अलावा जयपुर में रहने वाले अपने अन्य रिश्तेदारों की कुशलक्षेम जानने को भी व्यग्र रहे। मोबाइल व फोन करने वालों की तादाद इतनी ज्यादा थी कि रात को साढ़े नौ बजे के आसपास नेटवर्क जाम हो गया। बात नहीं हो पाने की स्थिति में लोगों ने एसएमएस करके हाल-चाल पूछे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: