उदयपुर.
जयपुर में हुए बम धमाकों का असर उदयपुर संभाग तक है। यहां भी लोगों में विस्फोट का खौफ है। उदयपुर से जयपुर जाने वाले चालीस फीसदी यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा लिए हैं। घटना के बाद से ही शहर के लोग जयपुर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से हालात के बारे में जानकारी लेते रहे।
राजधानी में धमाकों की दहशत से मंगलवार को निजी बसों से जाने वाले 40 फीसदी यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा लिए। दस फीसदी रेल यात्रियों ने भी टिकट वापस कर रिफण्ड ले लिया है।
उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष व ट्रेवल्स व्यवसायी पारस सिंघवी ने बताया कि रोजाना शाम को 25 प्राइवेट बसें यहां से जयपुर जाती है। बसों के प्रस्थान करने से पूर्व सीरियल बम ब्लास्ट का समाचार आ जाने से 40 फीसदी यात्रियों ने टिकट निरस्त करा लिए। यात्री कम हो जाने से दस बसें रोक दी गई। रात 9.35 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करने वाली ट्रेन से जाने वाले करीब 10 फीसदी यात्रियों ने टिकट निरस्त करवा दिए।
हवाई अड्डे पर अलर्ट
डबोक स्थित महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर भी अलर्ट कर दिया गया। वहां तैनात औद्योगिक सुरक्षा बलों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट निदेशक के. एल. शर्मा के अनुसार एयरपोर्ट पर सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है।
भय और सतर्कता का माहौल
राजधानी में बम धमाकों की खबर सुनते ही लोगों ने पहले तो शहर का जायजा लिया फिर रिश्तेदारों से टेलीफोन पर संपर्क साधा। लोगों के लगातार टेलीफोन करने से नेटवर्क भी जाम हो गया।
धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा
इस घटना के बाद शहर में प्रमुख धार्मिक स्थल जगदीश मंदिर, बोहरागणोशजी, ऋषभदेव, एकलिंगजी सहित अन्य मंदिरों पर सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं। सभी थानाधिकारियों को उनके क्षेत्र में स्थित धार्मिक स्थलों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हाइवे के चौराहों पर वाहनों की जांच
शहर से गुजरने वाले नेशनल हाइवे नंबर आठ पर भुवाणा, बलीचा चौराहे और नेशनल हाइवे 76 पर डबोक और प्रतापनगर चौराहे पर भी रात तक वाहनों की जांच होती रही।
अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।