बीकानेर. बीते एक सप्ताह के मुकाबले मंगलवार को हरीके बैराज पर पानी की स्थिति में सुधार आया। यहां 3800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जो नहरबंदी के बाद अब तक सबसे अधिक है। एक दिन पहले यहां 2800 क्यूसेक पानी था जो अचानक एक हजार क्यूसेक पानी बढ़ गया।
हरीके बैराज पर स्थिति सुधरने के बाद सैकंड स्टेज में स्थिति सुधरने की संभावना बन रही है लेकिन फिलहाल यहां स्थिति नाजुक है। कंवरसेन लिफ्ट को नहरबंदी के बाद अब तक अनिवार्य आवश्यकता का पानी नहीं मिला। अनिवार्य आवश्यकता में यहां 250 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए था जिसके बदले सिर्फ 100 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है।
आरडी 620 पर 1700 क्यूसेक पानी मिलना था जिसके बदले मंगलवार को 1600 क्यूसेक पानी मिला। चूंकि पांच दिन तक इस पानी का उपयोग बीकानेर जोन की माइनरों को नहीं मिल सकता इसलिए इस पानी को सीधे जैसलमेर जोन के लिए जाने दिया गया।
मंगलवार को मसीदावाली हैड पर 1675 क्यूसेक, आरडी 620 पर 1600, 750 आरडी पर 1646, आरडी 860 पर 1401, आरडी 961 पर 1301 तथा आरडी 1254 पर 656 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। इसके साथ ही अनिवार्य आवश्यकता के तहत सूरतगढ़ थर्मल पावर, जैसलमेर, जोधपुर, कंवरसेन लिफ्ट सहित कुछ और जगह पानी दिया जा रहा है।