HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

मंदिरों पर खर्च होंगे 76 लाख

बीकानेर. संभाग के पांच मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार के लिए देवस्थान विभाग ने 76 लाख रुपए के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे हैं। इन प्रस्तावों को हरीझंडी मिलने के साथ ही विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे।

विभाग द्वारा हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी के लिए सर्वाधिक 50 लाख रुपए का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। इस राशि से गोगामेड़ी मंदिर परिसर में लगे बेरिकेट्स पर शैड लगाए जाएंगे। इस राशि के साथ ही इस मंदिर पर दो साल में करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च हो जाएंगे। इस राशि में से एक करोड़ रुपए के विकास कार्य अगले महीने तक पूरे हो जाएंगे।

इस मंदिर के लिए पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। इस घोषणा की राशि से ही यह विकास कार्य करवाया जा रहा है। नए 50 लाख रुपए के प्रस्ताव में केवल बेरिकेट्स पर शैड लगाए जाने हैं। सुजानगढ़ के लालगढ़ क्षेत्र में भैरव, कालीमाता और हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए विभाग ने तीन लाख रुपए के प्रस्ताव बनाए हैं। बीकानेर जिले के सागर के मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए भी 20 लाख रुपए के प्रस्ताव बनाए हैं।

इस राशि से मंदिरों की मरम्मत और देवीकुंड सागर तालाब का जीर्णोद्धार भी करवाया जाएगा। पिछले साल भी विभाग ने इस मंदिर के विकास पर 18 लाख रुपए खर्च किए हैं। विवेकानंद वाटिका के पास स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर और रघुनाथजी (ख्वास जेठाजी) मंदिरों की भी इस वर्ष मरम्मत कराई जाएगी।

इन दोनों मंदिरों पर देवस्थान विभाग करीब तीन लाख रुपए खर्च करेगा। इन प्रस्तावों पर अगले महीने तक मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा संभाग के अन्य मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए भी प्रस्ताव बनवाए जा रहे हैं।

संभाग के और मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए भी सहायक अभियंता से प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। उन प्रस्तावों को राज्य सरकार के पास भेज दिया जाएगा। वर्तमान में भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के साथ ही मंदिरों में विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे।
- एस. राजपुरोहित, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: