बीकानेर. इस रूट पर चलाई गई स्पेशल ट्रेन में भी पांच जून तक हाउस फुल चल रहा है। समर वैकेशन को देखते हुए बीकानेर स्टेशन से चलने वाली हर गाड़ी में अगले पखवाड़े तक न तो एसी में जगह और न ही स्लीपर क्लास में।
बीकानेर से सिकंदाराबाद के बीच चलने वाली 7033 एक्सप्रेस गाड़ी में अगले दो हफ्तों तक नो रूम की स्थिति बन गई है। 13 और 20 मई को इस गाड़ी में नो रूम है तो 27 मई को इस गाड़ी में प्रतीक्षा सूची में यात्रियों की संख्या पौने तीन सौ से अधिक है। इस गाड़ी में स्लीपर क्लास के साथ-साथ एसी कोच भी फुल चल रहे हैं। इस रूट पर विशेष रूप से चलाई गई समर स्पेशल में भी पांच जून तक कोई सीट खाली नहीं है। इन दोनों गाड़ियों में 13 जून के बाद ही स्लीपर क्लास में कुछ जगह मिल पाएगी।
बीकानेर से त्रिवेन्द्रम के बीच चलने वाली गाड़ी में भी इन दिनों प्रतीक्षा सूची 250 से 275 प्रति दिन बनी हुई है। बीकानेर से गोहाटी के बीच चलने वाली 5631‘ए’ में भी यात्रियों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। इस गाड़ी के एसी कोच में 17 मई तक वेटिंग लिस्ट है। स्लीपर क्लास में भी प्रतीक्षा सूची लगातार बढ़ रही है। इस गाड़ी में दो जून तक स्लीपर क्लास में कोई स्पेश नहीं है।
बीकानेर से कालका के बीच चलने वाली यात्री गाड़ी में 22 मई, बीकानेर-हरिद्वार के बीच चलने वाली गाड़ी में 25 मई, बीकानेर-हावड़ा 26 मई तक फुल चल रही है। समर वैकेशन को देखते हुए बीकानेर रेलवे स्टेशन के टिकट आरक्षण विंडो पर दिनभर भीड़ लगी रहती है। लोग सुबह साढ़े सात बजे ही टिकट के लिए पहुंच जाते हैं।
कोच बढ़ाने पर अभी तक विचार नहीं
गर्मी की छुट्टियों में दूसरे स्थानों की यात्रा करने वाले लोगों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है लेकिन रेलवे इन गाड़ियों में नए कोच लगाने पर कोई विचार नहीं कर रहा है। रेलवे एक गाड़ी में 24 कोच लगा सकता है। बीकानेर से चलने वाली अधिकांश गाड़ियां इस सीजन में 24 कोच की ही चल रही है। ऐसे में रेलवे ने इन गाड़ियों में स्पेशल कोच लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की है। न ही कोई स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की है।
दूसरे विकल्पों की तलाश
ट्रेनें फुल चलने के कारण समर वैकेशन में घूमने जाने वाले लोग अब दूसरे विकल्पों की तलाश में जुट गए हैं। कई परिवार ऐसे हैं जो बसों के माध्यम से यात्रा कर रहे हैं तो कुछ ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक गाड़ी हायर कर हिल स्टेशनों की ओर रुख करने का मन बना लिया है।
गंगाशहर में रहने वाले मनोज शर्मा का कहना है कि जम्मूतवी में भी सीटें नहीं मिल पाने के कारण उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक मिनी एसी बस हायर कर ली है। अगले 15 दिनों तक अब वे इसी बस में हिल स्टेशनों की यात्रा करेंगे।