HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

विचलित शहर को अमन की फिक्र

बीकानेर. seपुराने जयपुर शहर में हुए बम ब्लास्ट से अमन का शहर बीकानेर भी चिंतित है। इसलिए नहीं कि इस शहर में भी हाई-अलर्ट घोषित किया गया है बल्कि इसलिए कि इस तरह की घटनाओं से आपसी सद्भावना के आहत होने की आशंका है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और नगर विधायक डॉ. बी.डी.कल्ला कहते हैं कि यह पूरी तरह से कायराना हरकत है और सरकार को चाहिए कि दोषी लोगों को पकड़े।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा है कि यह कृत्य देशद्रोहियों ने किया है ताकि प्रदेश में अस्थिरता की स्थिति पैदा हो जाए लेकिन जनता इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भवानीशंकर शर्मा ने कहा कि आम लोगों को चाहिए कि परिस्थितियों का धैर्य के साथ सामना करे और अफवाहों से सावधान रहें।

नगर परिषद सभापति मकसूद अहमद के अनुसार राजस्थान की राजधानी ही जब असुरक्षित है तो फिर दूसरे शहरों की दशा क्या होगी। उपसभापति हारुन राठौड़ ने इस घटना के जिम्मेवार लोगों पर तुरंत कार्रवाई करने की बात कही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष जनार्दन कल्ला के अनुसार यह निंदनीय है और सबसे पहले केंद्र व राज्य सरकार को चाहिए कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास करे।

भाजपा के शहर अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने इस घटना को सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार दिया है और कहा है कि वातावरण को खराब करने वालों को बख्शना नहीं चाहिए।

लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष रमजान मुगल ने इस घटना को शैतानी ताकतों की करतूत बताते हुए कहा है कि सभी को सद्भाव बचाने का प्रयास करना चाहिए। नगर परिषद में विपक्ष के नेता भानु व्यास ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।

एटक के जिलाध्यक्ष प्रसन्न कुमार ने इस प्रकरण की निंदा करते हुए कहा कि इस स्थिति धैर्य रखना और अफवाहों से बचना चाहिए। जनकिसान पंचायत के संरक्षक जयनारायण व्यास ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

जागीं संवेदनाएं
संवेदना के साथ जीने वाले कवि-साहित्यकार, रंगकर्मी-कलाकार जयपुर में हुए सीरियल ब्लास्ट से गहरे तक आहत हुए हैं। जनकवि हरीश भादाणी कहते हैं कि यह निष्ठा और समरसता को तोड़ने की सोची-समझी साजिश है।

भादाणी कहते हैं कि हमें विश्वास जगाने की पहल करनी होगी। साहित्यकार भवानीशंकर व्यास ‘विनोद’ इस त्रासदी के क्षणों में साहस और दृढ़ता के साथ स्थितियों का सामना करने की बात कहते हुए हर समय चौकस रहने का संकेत करते हैं।

कथाकार मालचंद तिवाड़ी द्रवित कंठों से कहते हैं कि यह समय संवेदनाओं के तार-तार होने का है और इस तरह के कृत्य को अंजाम देने वालों और आम जन की सुरक्षा का वादा करने वालों को विचार करना चाहिए कि क्या वे सही कर रहे हैं।

रंगकर्मी व चिकित्सक डॉ. तनवीर मालावत का कहना है कि इस तरह की घटनाओं का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इसके खिलाफ सभ्य समाज के नुमाइंदों को एक होकर आगे बढ़ना होगा ताकि सबक दिया जा सके। रंगकर्मी आनंद वी. आचार्य, लेखक बुलाकी शर्मा व अविनाश व्यास ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा है कि इन पर अंकुश लगाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने पड़ेंगे। राजस्थानी कवि कमल रंगा का कहना है कि यह ब्लास्ट विचलित करने वाला है लेकिन यही वह समय है जब हमें हौसले के साथ पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशील होकर काम करना होगा।

गद्दार हैं..
शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता संवित् सोमगिरिजी महाराज ने जैसे ही मंगलवार शाम को जयपुर की घटना के संबंध सुना, चिंतित नजर आए। उनका यही कहना था कि आसुरी शक्तियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। शहर काजी मुश्ताक अहमद से जब पूछा कि ऐसे समय में आम आदमी को क्या करना चाहिए तो उन्होंने कहा कि दुआ करनी चाहिए कि दहशत फैलाने वालों को सद्बुद्धि मिले। राष्ट्रीय एकता अभियान के हाफिज फरमान अली ने कहा कि इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वाले ना तो हिंदू है ना मुसलमान, ये लोग मुल्क के गद्दार हैं।

हर व्यक्ति गमजदा
जयपुर में हुए ब्लास्ट पर हर वर्ग ने निंदा दर्ज कराई है। खासतौर से भाजपा के युवा नेता युधिष्ठिरसिंह भाटी पार्षद हसन टाक, भाजपा नेता एडवोकेट शिवचंद भोजक, कांग्रेस के अनवर अजमेरी, राजस्थान प्रदेश राजीव गांधी यूथ ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष रमजान रंगरेज, बजरंग दल के महानगर संयोजक दुर्गासिंह शेखावत, वंदेमातरम मंच के विजय कोचर, भाजपा पर्यावरण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामकुमार व्यास, जनवादी नौजवान सभा के अध्यक्ष सुंदर बेनीवाल, प्रदेश सहसचिव बजरंग छींपा आदि ने इस घटना में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।

आज बंद
जयपुर में हनुमान मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए बम-ब्लास्ट के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदु परिषद की ओर से बीकानेर बंद कराया जाएगा। विहिप के विभाग प्रमुख और प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक परिहार ने बताया कि प्रांतव्यापी निर्णय के तहत बीकानेर में भी बंद करवाया जा रहा है। हालांकि बंद को लेकर समाचार लिखे जाने तक पशोपेश की स्थिति बनी रही।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: