कोटा. शादी का झांसा देकर एक साल तक एक युवती से ज्यादती का मामला उजागर हुआ है। शादी से इनकार करने पर युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार झालावाड़ निवासी युवती का आरोप है कि वह एक साल पहले अप्रैल 07 में अपने रिश्तेदार की शादी में स्टेशन रोड, कोटा आई थी। वहीं उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाले मोहितसिंह वर्मा से हुई। जल्द ही मुलाकात दोस्ती में बदल गई। एक दिन मोहित उसे अपने साथ घुमाने ले गया और जोर-जबरदस्ती की। उसके विरोध करने पर मोहित ने शादी का वादा किया।
युवती उसकी बातों में आ गई। ज्यादती का दौर एक वर्ष तक चलता रहा। युवती का कहना है कि मोहित से कई बार शादी की बात कही, लेकिन कोई न कोई बहाना करके वह टालता रहा। युवती 12 मई को कोटा आई थी, मोहित से बात करने पर उसने शादी से साफ मना कर दिया। युवती ने यह बात अपने परिवार को बताई।
परिवारजनों ने भी मोहित को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इस पर युवती भीमगंजमंडी थाने पहुंची और मोहित के खिलाफ ज्यादती का मामला दर्ज करा दिया। थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह भाटी ने बताया कि मोहितसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवती का मेडिकल मुआयना व धारा 161 के तहत बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराने के लिए उसे अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।