कोटा.
वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह गुरुवार सुबह 11.45 बजे विवि परिसर में मनाया जाएगा। समारोह का रिहर्सल बुधवार को 3 बजे होगा। कुलपति प्रो. नरेश दाधीच ने बताया कि समारोह में विवि के संस्थापक कुलपति प्रो. वी.आर. मेहता को डॉक्टर्स ऑफ लेटर्स (डी-लिट्) की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
विवि की जून व दिसंबर 06 तथा जून 07 में विविध डिप्लोमा व डिग्री पाठ्यक्रमों की आयोजित परीक्षाओं के सफल 4761 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी। इनमें 7 शोध विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्हें पीएचडी की उपाधि से विभूषित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक पाने वाले 42 छात्रों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
दीक्षांत भाषण देंगे उपराष्ट्रपति
समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी दीक्षांत भाषण देंगे। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति एसके सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथि इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि के कुलपति प्रो.वीएन राजशेखरन पिल्लई होंगे।
समारोह की तैयारियां पूरी
विवि कैंपस की सड़कों का पुनर्निर्माण कराया गया। कुलपति सचिवालय में कमेटी रूम का निर्माण हुआ, जबकि ईएमपीसी भवन में नया सेमिनार रूम बनाया गया है। ये दोनों वातानुकूलित और नवीन उपकरणों व फर्नीचर सुविधाओं से सुसज्जित किए गए है। दीक्षांत समारोह स्थल तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर रंग-रोगन कर विद्युत सज्जा की जा रही है।
सरकार ने दिया प्लेसमेंट
विवि द्वारा संचालित जल संग्रहण प्रबंध कोर्स के 156 विद्यार्थियों की परीक्षा जून-08 में होगी। इसमें सफल होने वाले विद्यार्थियों को सरकार प्लेसमेंट देगी। इस आशय का एक पत्र पंचायतराज विभाग ने विवि प्रशासन को भेजा है।
जुलाई से नए कोर्सेज
कुलपति प्रो. नरेश दाधीच ने बताया कि जुलाई ‘08 से संस्कृत, भूगोल एवं लाइब्रेरी एंड इन्फोर्मेशन साइंस में एमफिल, एमए इन संस्कृत, एमए व एमएससी में भूगोल तथा एमकॉम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सर्टिफिकेशन फोर फंक्शनल इंगलिश का कोर्स भी प्रारंभ किया जाएगा।
सरकारी कर्मचारियों के लिए आईटी कोर्स
राज्य सरकार ने महाराष्ट्र की तर्ज पर राजस्थान नॉलेज कॉपरेरेशन लिमिटेड का गठन किया है। कुलपति प्रो. नरेश दाधीच ने बताया कि इस संस्था ने विवि को सरकारी कर्मचारियों को आईटी सर्टिफिकेट देने की जिम्मेदारी सौंपी है। विवि ने तीन माह का आईटी कोर्स तैयार कर लिया है। सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
छात्रों को मिलेगी ऑनलाइन जानकारी
बीएसएनएल के जरिए विवि सभी प्राध्यापकों तथा छात्रों को जोड़ने का एक अभिनव कार्यक्रम ‘प्रति सप्ताह दो दिन दो घंटे शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत छात्र अपने विषय के बारे में प्राध्यापक से चर्चा कर सकेंगे।