News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati झुंझुनूं.
शहर में सोमवार रात चोरों ने चार दुकानों के शटर तोड़कर हजारों रुपए की नकदी चुरा ली। चोरों ने बिगड़े मौसम का फायदा उठाया। चारों दुकानों के शटर के ताले ज्यों के त्यों लगे हैं। इनमें एक-एक दुकान गुदड़ी बाजार व छावनी बाजार तथा दो दुकानें नेहरू बाजार की हैं।
गुदड़ी बाजार स्थित रमेशचंद्र एंड संस का शटर ऊंचा उठाकर चोर अंदर घुस गए। वहां गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपए चुरा ले गए। इसी प्रकार छावनी बाजार चौराहे पर स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स का शटर भी टूटा हुआ मिला। दुकानदार आया तो इंटरलॉक नहीं खुले।
थक-हारकर वेल्डर को बुलाया गया और ताले काटकर शटर खोला गया। यहां दुकान में रखे 35 हजार रुपए गल्ले में मिल गए। दूसरे गल्ले में रखी 10 रुपए के नोट की गड्डी गायब मिली। दोनों दुकानदारों ने कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दी है। उधर नेहरू मार्केट की दो दुकानों के शटर भी तोड़ दिए गए। पुरानी तहसील रोड स्थित कमल मेडिकल एजेंसी व सुनील मेडिकल एजेंसी के साइड वाले शटर तोड़कर चोर नकदी ले गए।
सुनील एजेंसी के सुरेंद्र अग्रवाल ने करीब हजार रुपए की चोरी तथा कमल एजेंसी के अनिल अग्रवाल ने पांच-छह हजार रुपए चोरी होने की बात कही है। चोरी की वारदातों की सूचना पाकर डीएसपी प्रतापसिंह सेवदा, एसआई विक्रमसिंह, सांवरमल आदि ने मौके का निरीक्षण किया तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आस-पड़ोस के दुकानदारों व मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ की।
सभी वारदातें एक जैसी
शहर में बीती रात हुई चोरी की चारों वारदातें एक जैसी हैं। इससे लग रहा है कि इसमें कोई गिरोह के हाथ हो सकता हैं। पुलिस का मानना है कि चोरी में स्थानीय पेशावर चोर शामिल हैं। ताले तोड़ने के बजाय शटर उठाकर चोरी की गई, इस लिहाज से इसमें चार-पांच लोगों के शामिल होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने शंका के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की है।