रईया. ब्यास पुलिस ने मंगलवार को तरना दल के मुखिया बाबा अजीत सिंह पूहला को गुरदासपुर के गांव दड़ेवाली से गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी हरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस टीम ने थाना प्रभारी बिक्रमजीत सिंह के नेतृत्व में नाकेबंदी कर अभियान को अंजाम दिया। ज्ञात रहे कि पूहला के खिलाफ थाना ब्यास में 1991 में गांव खानपुर में 4 व्यक्तियों की हत्या का मामला दर्ज है, जिसकी जांच चल रही है।
बीते दिन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने एसएसपी ग्रामीण इकबाल सिंह को बाबा पूहला को गिरफ्तार करने की कड़ी हिदायत दी थी। इसके बाद से पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए पूरी तरह सक्रिय थी।
उधर, बाबा पूहला का कहना है कि उसे फंसाने की साजिश कर्नल संधू ने रची है। वह मुझे पकड़वा कर गुरुद्वारे पर कब्जा करना चाहते हैं। पूहला ने आरोप लगाया कि संधू पहले भी करतारपुर, चंडीगढ़ व घुमाण में गुरुद्वारों पर कब्जा कर चुके हैं। यही नहीं उनके खिलाफ सैक्टर-39 चंडीगढ़ में लूट का मामला भी दर्ज करा दिया गया है। पूहला ने कहा कि वह निर्दोष हैं और अदालत उन्हें जल्द ही बरी कर देगी।