अमृतसर. अमृतसर में फिर वही स्थिति बन चुकी है, जो 90 साल पहले जनरल डायर ने पैदा किए थे। कांग्रेस आज के ‘डायर’ से मुकाबला करने के लिए 15 मई को शहीदों की धरती जलियांवाला बाग से ‘जंग’ का ऐलान करेगी। यह खुलासा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बीर दविंदर सिंह ने किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस की प्रधान राजिंदर कौर भट्ठल ने कांग्रेसी सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला और ब्लाक प्रधानों को 15 मई को अमृतसर तलब किया है। भट्ठल के नेतृत्व में उस दिन सुबह 10 बजे सौ फुटी रोड स्थित चुनावी मुख्यालय से जलियांवाला बाग तक रोड मार्च निकाला जाएगा।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, अश्वनी कुमार और पवन बांसल के आने की संभावना है। राज्य में मध्यावधि चुनाव की स्थिति में कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। इस मौके पर हरचंद सिंह बरसठ, संदीप सरीन, किशन लाल माहेश्वरी भी उपस्थित थे।