जालंधर. न दिन भर चैन रहा, न रात को नींद ही आई। बेचैनी का आलम और मुंह में शब्द नहीं। उक्त हालात जिला परिषद एवं पंचायत समिति के चुनाव लड़ रहे उन उम्मीदवारों के थे जिनका नतीजा बुधवार सुबह होने वाली मतगणना के बाद आने वाला है।
पंचायत समिति के 462 व जिला परिषद के 59 प्रत्याशियों का भविष्य सोमवार को मतपेटियों में बंद हो गया था। बुधवार को इन मतपेटियों को मतगणना के लिए खोला जाना है। चुनाव संबंधी नतीजों के कयास ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार राततक लगाए जाते रहे।
एक तरफ उम्मीदवारों पर बुधवार को आने वाले नतीजे की टैंशन, दूसरा पल-पल में घटते समय ने उन्हें सारी रात सोने तक नहीं दिया। देर रात तक उम्मीदवार भी वोटों की ‘कैलकुलेशन’ में ही फंसे देखे गए। गौरतलब है कि 12 मई को पंचायत समिति के 184 जोन एवं जिला परिषद के 21 जोनों के लिए चुनाव हुए थे।
मतगणना स्टाफ को समझाए नियम
जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों के बाद एसडीएम-1 भुपिंदर सिंह ने मंगलवार को हंसराज स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हाल में मतगणना स्टाफ को नियम समझाए। 14 मई सुबह मतगणना शुरू होगी। राउंड वाइज होने वाली मतगणना के अंतर्गत प्रत्येक राउंड का लिखित ब्यौरा दर्ज करना होगा।
चुनाव इलैक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की बजाए बैलेट पेपर से हुए हैं, जिस कारण मतगणना के प्रत्येक टेबल के बाहर की तरफ चुनावी उम्मीदवार के आदमी निगरानी के लिए खड़े रह सकते हैं। मतगणना केंद्र में मात्र अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश करने की अनुमति होगी। विजयी उम्मीदवार को संबंधित रिटर्निग आफिसर की तरफ से सर्टिफिकेट दिया जाएगा।