HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

बोरी में मिली मासूम बच्ची की लाश

जालंधर/ नकोदर. गांव तलवंडी भरों से 11 दिन पहले अगवा हुई 4 वर्षीय मुस्कान की लाश मंगलवार को बोरी में मिली। कातिल ने मुस्कान की हत्या कर शव को बोरी में डालकर गांव में ही रूड़ी के ढेर में दफना दिया था। शव कंकाल का रुप धारण कर चुका था, जिससे यह कहना मुश्किल था कि उसकी हत्या कैसे की गई।

हालांकि पुलिस तांत्रिक की काली करतूत और बलात्कार की थ्यूरी को लेकर काम कर रही है। पुलिस ने अगवा के केस में हत्या व शव खुर्द-बुर्द करने की धारा जोड़ दी है। इस मामले को लेकर गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। डीएसपी कुलविंदर सिंह थियाड़ा के हस्ताक्षेप के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।

ऐसे मिली लाश : सुबह साढ़े सात बजे गांव में कुछ कुत्ते रूड़ी के ढेर को खरोंच रहे थे। कूड़ा फैंकने आई महिला ने रूड़ी के ढेर में बोरी देखी, जिसमें बदबू आ रही थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना नकोदर के एसएचओ सतिंदर चड्ढा के सामने जब बोरी खोली गई तो उसमें से क्षत-विक्षत बच्ची की लाश मिली। भीड़ में से निकले मुस्कान के परिवार ने लाश की पहचान मुस्कान के रूप में की।

तांत्रिक महिला हिरासत में : गुस्साए लोगों ने गांव की ही महिला तांत्रिक पर उंगली उठाते हुए थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। पेंडू मजदूर यूनियन के तरसेम पीटर, सतपाल, संदीप अरोड़ा, कश्मीर जंडियाला, जम्हूरी किसान सभा के गुरनाम सिंह संघेड़ा, मनोहर सिंह गिल, निर्मल सिंह, गांव शंकर के पंच रौनकी राम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले को शुरू से ही गंभीरता से नहीं लिया था। डीएसपी थियाड़ा का कहना था कि पुलिस जल्द ही कातिल का चेहरा बेनकाब करेगी।

तीन संदिग्ध भी पुलिस ने पकड़े : मुस्कान के मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव में ही रहते राजू, मिट्ठा और सन्नी को गिरफ्तार किया था। इन तीनों पर मुस्कान के परिवार ने शक जाहिर किया था लेकिन प्राथमिक पूछताछ में इनकी मामले में कोई भूमिका नहीं निकली थी। तीनों जेल में हैं।

गांव में ही कातिल! : पूरे घटनाक्रम पर नजर दौड़ाई जाए तो यह बात आईने की तरह साफ हो जाती है कि कातिल के तार गांव में ही हो सकते हैं। जैसे अचानक मुस्कान गायब हुई और 11 दिन बाद गांव में ही उसकी लाश मिल गई। मुस्कान की लाश बोरी में डालकर रूड़ी में 2 फिट गहरा गड्डा कर दफनाई गई थी। पुलिस अब उस कातिल का चेहरा बेनकाब करने के लिए गांव में ही डेरा जमाए हुए है।

यह है मामला : गांव तलवंडी निवासी बूटा राम की करीब 4 वर्षीय बेटी 2 मई को शाम के समय घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई थी। उसके परिवार ने उसकी खूब तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसका परिवार 11 दिन से मुस्कान की तलाश में मारा-मारा भटक रहा था लेकिन लाश मिलने के बाद उनकी तलाश भी खत्म हो गई।

फौरेंसिक टीम खोलेगी हत्या का राज
लाश का पोस्टमार्टम अमृतसर के मैडीकल कालेज में फौरेंसिक डाक्टरों की टीम करेगी। जहां पता लगाया जाएगा कहीं मासूम के किसी अंग संभवत: किसी तांत्रिक ने निकाली तो नहीं। हत्या कैसे हुई भी जानी जाएगी।

फौरेंसिक डाक्टर यह भी पता लगाएगी कि मौत कितने घंटे पहले हुई थी। बलात्कार हुआ था या नहीं का भी पोस्टमार्टम प्रक्रिया से ही पता लगेगा। प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस जांच की दिशा तय करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: