लुधियाना/जालंधर. रेलवे की स्पैशल टीम ने अमृतसर से दरभंगा जाने वाली फ्लाइंग मेल के स्पैशल कोच में छापा मारकर लाखों के रेलवे पार्ट्स बरामद किए हैं। यह कोच दिल्ली में मौजूद एक मैकेनिकल अधिकारी के नाम से बुक था, जो पहले फिरोजपुर रेल मंडल में तैनात था। यह पता नहीं चल पाया है कि ये पार्ट्स कहां ले जाए जा रहे थे।
जालंधर से जोड़ा गया स्पैशल कोच
आरए कोच (नंबर 10751) को फिरोजपुर से जालंधर लाया गया। उसके बाद इसे फ्लाइंग मेल के साथ लगा दिया गया। कोच में सिर्फ तीन आदमी थे। रेलवे का लाखों का पार्ट्स फिरोजपुर स्टेशन से जम्मू के लिए बुक कराया गया था, लेकिन जालंधर रेलवे स्टेशन पर मिलीभगत कर इस सारे माल को स्पैशल कोच में लोड कर दिया गया। इस सारे गड़बड़झाले की खबर दिल्ली में बैठे रेल अफसरों को लग गई और इस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सरहिंद रेलवे स्टेशन पर पड़ा छापा
ट्रेन के फिरोजपुर डिवीजन से बाहर आते ही स्पेशल स्टाफ के अधिकारी अंबाला रेल मंडल के सरहिंद स्टेशन पर पहुंच गए। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही चार आफिसरों ने स्पेशल कोच मे मौजूद लोगों को बोगी खोलने के लिए कहा, लेकिन उन लोगों ने बोगी नहीं खोली।
इस पर स्टाफ के लोगों ने उन्हें अपने परिचय पत्र दिखाए और बोगी खोलने के लिए चेताया। दरवाजा खुलते ही स्टाफ के चार लोग अंदर बोगी में घुस गए और ट्रेन के साथ ही चले गए। जबकि स्टाफ के बाकी तीन लोग स्टेशन के बाहर मौजूद अपने व्हीकल पर सवार होकर अंबाला स्टेशन की तरफ चले गए।
जांच में जुटे अधिकारी
अधिकारियों को स्पेशल कोच से जम्मू के लिए बुक कराया गया लाखों का रेलवे पार्ट्स बरामद हुआ है, लेकिन मामला कांफीडेंशियल होने के कारण कोई भी अधिकारी इस बारे में बात करने के लिए तैयार नहीं था।