जालंधर.
सुच्ची पिंड के नजदीक मानव रहित फाटक पार करने की कोशिश कर रही सूमो जालंधर से अलावलपुर जा रही 1 जेएमपी डीएमयू ट्रेन से जा भिड़ी। हादसे में सूमो सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना सूमो चालक की लापरवाही के कारण हुई है।
सुबह 9:40 मिनट पर सूमो (पीबी 07-ई-2142) चालक ने जल्दबाजी में मानव रहित फाटक सी-9 पार करने की कोशिश की। ट्रेन बिल्कुल नजदीक आ चुकी थी। ड्राइवर ने घबरा कर सूमो पीछे करने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा। सूमो सवार संतोखपुरा निवासी कमल, सुरिंदर और रजनी तीनों ने गाड़ी से छलांग लगा दी। इतने में ट्रेन ने सूमो के अगले हिस्से को टक्कर मार दी।
सूमो चालक कमल ने कहा कि उसके आगे खाली ड्रम से लदा थ्री व्हीलर (पीबी 08-एटी-0476) था। ड्रम फाटक के बीच गिर गए, जिससे वह गाड़ी आगे नहीं बढ़ा सका। इसलिए यह हादसा हुआ है।
वहीं, थ्री व्हीलर चालक का कहना था कि गेट क्रास करने से पहले उसने हाथ देकर ट्रक को क्रास किया और सूमो के ड्राइवर को रुकने का इशारा किया, लेकिन बिना कुछ सोचे समझे सूमो चालक ने उसे क्रास करने की कोशिश की, जिससे वह बीच में फंस गया।
ट्रेन लेट यात्री परेशान : टक्कर के कारण अमरनाथ एक्सप्रैस को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर करीब आधा घंटा रोका गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईआरसीटीसी ने दो स्टाल बंद किए
जालंधर. इंडियन रेलवे कॉरपोरेशन टूरिज्म कैट्ररिंग (आईआरसीटीसी) के स्थानीय इंस्पैक्टर दौलत राम ने फिरोजपुर मंडल के आदेशों पर कार्रवाई करते सिटी रेलवे स्टेशन के दो स्टालों 13 और 40 नंबर को बंद करवा दिया। इससे स्टाल चालकों में भारी रोष पाया गया।
स्टाल चालकों के अनुसार एक तरफ रेल मंत्रालय गरीबी खत्म करने के लिए रोजगार देने की घोषणा कर रही है, वहीं आईआरसीटीसी स्टालों को बंद कर लोगों को बेरोजगार कर रही है। स्टाल चालक राकेश ने कहा कि मंत्रालय ने इस ओर ध्यान न दिया तो वह संघर्ष के लिए मजबूर होंगे।