Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood जॉन अब्राहम भी अपने किरदार में पूरी तरह ढल जाने की कोशिश करने में कसर नहीं छोड़ते। माचो मैन को अब इंडस्ट्री में सफल नायकों की श्रेणी में रखा जाने लगा है, तो वे भी खुद को साबित करने में जुटे हुए हैं। जॉन का यही जज्बा उनकी आगामी फिल्म में परदे पर लोगों को देखने के लिए मिलेगा। गौरतलब है कि नागेश कुकनूर की नई फिल्म ‘आशाएं’ के लिए उन्होंने सोलह किलो वजन कम कर लिया है।
लेकिन इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद जॉन को इस बात का गुमान भी हो गया है। इस फिल्म में जॉन एक ‘गैम्बलर’ का किरदार निभा रहे हैं। राहुल नाम का यह किरदार पूरी कहानी में जुआ खेलता नजर आता है और इस दुनिया में इतना ज्यादा खो जाता है कि अपनी जिंदगी तक दांव पर लगा देता है। नागेश ने जब इस किरदार के बारे में जॉन को बताया तो वे कहानी से बड़े प्रभावित हुए थे।
नागेश ने ही उन्हें वजन कम करने के लिए कहा। फिल्म के अंत में जॉन को दुबला-पतला नजर आना है, इसलिए जॉन ने नागेश के चैलेंज को स्वीकार किया और आधी फिल्म होने के बाद जॉन ने वजन कम करना शुरू किया। मेहनत रंग लाई और जॉन की मानें तो वे पहले की तुलना में पूरे 16 किलो वजन घटाने में कामयाब हुए हैं। जॉन का कहना है कि उनका नया लुक देखकर बिपाशा भी हैरान हैं, क्योंकि वे आजकल काफी स्लिम नजर आ रहे हैं। कुछ ही दिन में वे फिर से अपना वजन बढ़ा लेंगे, क्योंकि उन्हें खुद को भी इतना ज्यादा स्लिम देखकर कुछ अजीब लग रहा है। उन्हें तो यहां तक लगता है कि जो उपलब्धि उन्होंने हासिल की है इतने कम वक्त में शायद ही कोई दूसरा कलाकार हासिल कर पाए।