HomeSportsCricket Cricket

सस्ते में छूटे हरभजन, 5 वनडे मैचों पर लगाई पाबंदी

नई दिल्ली.हरभजन सिंह तेज गेंदबाज श्रीसंथ को थप्पड़ मारने के कारण सुर्खियों में आए ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह पर पांच अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है।‘हरभजन-श्रीसंथ थप्पड़ प्रकरण’ की जांच के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा नियुक्त जांच कमिश्नर सुधीर नानावटी ने मंगलवार को अपनी जांच रिपोर्ट बीसीसीआई को सौंपी थी। शरद पवार की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने बुधवार को हरभजन पर पांच वनडे मैचों का प्रतिबंध लगा दिया है।

गलती दुहराने पर आजीवन प्रतिबंध
बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने गर्ममिजाज हरभजन को यह चेतावनी भी दी है कि ऐसी गलती दुबारा होने पर उनके खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

त्रिकोणीय सीरीज से हुए बाहर
इस प्रतिबंध के कारण ऑफ स्पिनर हरभजन बांग्लादेश में 8 से14 जून के बीच होने जा रही त्रिकोणीय सीरीज के साथ ही 24 जून से 6 जुलाई के बीच पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप के दो मैचों में नहीं खेल सकेंगे।

बीसीसीआई के नियमों के तहत सजा
बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने बीसीसीआई के नियमों के तहत ऑफ स्पिनर हरभजन को सजा सुनाई है। प्रारंभ में हरभजन को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-4 के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया था। पर बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने हरभजन को बीसीसीआई के नियम-3 के उल्लंघन का दोषी पाया। इस नियम का उल्लंघन करने वाले खिलाड़ी पर अधिकतम पांच वनडे या तीन टेस्ट मैचों का प्रतिबंध लगाने का प्रावधान है। इस नियम के तहत ही हरभजन पर 5 वनडे मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है।

श्रीसंथ को मिली चेतावनी
बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने बताया कि अनुशासन समिति ने तेज गेंदबाज श्रीसंथ को भी अपने मैदानी व्यवहार में सुधार लाने को कहा है। शाह ने कहा कि अगर भविष्य में श्रीसंथ ने इसी तरह की दुबारा गलती की तो उन्हें सजा दी जाएगी।

नरमी बरतने की अपील की
अनुशासन समिति के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि हरभजन सिंह ने सुनवाई के दौरान थप्पड़ प्रकरण के संबंध में अपनी गलती मानी और स़ुनाई जाने वाली सजा में नरमी बरते जाने की अपील की। साथ ही हरभजन ने भविष्य में अपनी ओर से ऐसी गलती नहीं करने का समिति को आश्वासन भी दिया।

गौरतलब है कि हरभजन सिंह को सजा सुनाने वाली तीन सदस्यीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष शरद पवार हैं जबकि समिति के दो अन्य सदस्य बोर्ड निर्वाचितअध्यक्ष शशांक मनोहर और बोर्ड के उपाध्यक्ष चिरायु अमीन हैं। इससे पहले तेज गेंदबाज श्रीसंथ को थप्पड़ मारने के चलते हरभजन पर आईपीएल की ओर से 11 मैचों का प्रतिबंध लगाया जा चुका है। लीग के 11 मैचों में नहीं खेल पाने से हरभजन को लगभग 3 करोड़ का नुकसान होने की संभावना है।

हरभजन पर कार्रवाई उचित नहीं
ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को सजा सुनाए जाने के बाद उनके कोच देविंदर अरोड़ा ने कहा है कि बीसीसीआई द्वारा गर्ममिजाज हरभजन पर लगाए गए पांच वनडे मैचों का प्रतिबंध उचित नहीं है। चंडीगढ़ से प्राप्त समाचार के अनुसार कोच अरोड़ा ने कहा कि एक ही गलती के लिए हरभजन को दो बार सजा देने को न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि बोर्ड समर्थित आईपीएल हरभजन पर पहले ही लीग के 11 मैचों का प्रतिबंध लगा चुकी है। ऐसे में हरभजन को बोर्ड द्वारा चेतावनी देकर छोड़ देना चाहिए था। इस बीच हरभजन की मां अवतार कौर ने कहा है कि बोर्ड ने जो सजा दी है वह बिलकुल सही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: