HomeSportsCricket Cricket

चार्जर्स के खिलाफ दिल्ली को होना होगा चार्ज

नई दिल्ली. डेक्कन चार्जर्स पिछले चार मैचों से लगातार हार का सामना कर रही दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम लगता है मैच जीतने का फार्मूला भूल गई है। आईपीएल के शुरुआती मैचों में डेयरडेविल्स ने जिस अंदाज में प्रदर्शन किया, उससे डेयरडेविल्स को लीग के खिताब के दावेदारों में शुमार किया जाने लगा था। पर पिछले कुछ मैचों में डेयरडेविल्स के खराब प्रदर्शन से टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को धक्का लग सकता है।

दूसरी तरफ डेक्कन चार्जर्स की टीम को अभी भी अपने लय में आने का इंतजार है। सितारों से सजी चार्जर्स टीम आईपीएल में अपने खेले 9 मैचों में से 7 मैच हार कर सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। कलाई की चोट की वजह से चार्जर्स के कप्तान वीवीएस लक्ष्मण टूर्नामेंट के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम की कमान एडम गिलक्रिस्ट के हाथों में होगी। चार्जर्स भले ही सेमीफाइनल की दौड़ में पीछे छूट गए हों, लेकिन दौड़ में शामिल दिल्ली जैसी टीमों को हराकर उनकी राह जरूर मुश्किल बना सकते हैं।

स्थानीय फिरोजशाह कोटला मैदान में गुरुवार को होने वाले मैच में डेयरडेविल्स टीम को घरेलू दर्शकों के समर्थन का फायदा मिल सकता है। अब तक हुए मैचों में डेविल्स की कमजोरी उनके मध्यक्रम का नहीं चल पाना है। सलामी जोड़ी के चलने की स्थिति में ही अब तक टीम मैच जीतने में सफल रही है। जबकि टीम के मध्यक्रम में एबी डिविलियर्स, तिलकरत्ने दिलशान, शोएब मलिक और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी हैं। शिखर धवन को छोड़कर शेष सभी खिलाड़ियों को अपनी उपयोगिता अभी साबित करनी है।

हालांकि चार्जर्स की टीम में भी सितारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इन सितारों द्वारा टुकड़ों में किए गए अच्छे प्रदर्शन की वजह से टीम को कोई फायदा नहीं मिल पाया। टीम ने दो मैचों में जो जीत दर्ज की है, वह गिलक्रिस्ट के इकलौते प्रदर्शन की वजह से संभव हुई। आफरीदी, गिब्स, रोहित शर्मा और गिलक्रिस्ट जैसे दिग्गज अगर लय में आ गए तो दिल्ली को मैच जीतने में कठिनाई हो सकती है। इस मैच को जीतने की दिल्ली भरपूर कोशिश करेगा, ताकि टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा जा सके। पिछले मैचों में खराब प्रदर्शन के चलते डेयरडेविल्स अंक तालिका में पांचवे स्थान पर आ गए हैं। साथ ही चार्जर्स के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। ऐसे में मैच के जोरदार होने की संभावना जताई जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: