HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

जांच कमेटी ने खोली प्राचार्य की पोल

जोधपुर. राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की एक कमेटी की बैठक में सीकर के परशुरामपुरिया आयुर्वेद महाविद्यालय के विद्यार्थियों की उपस्थिति के संबंध में कई गंभीर अनियमिताएं उजागर हुई हैं।

कमेटी ने उपस्थिति के संबंध में प्राचार्य की ओर से की गई हेराफेरी को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट राज्यपाल शीलेंद्रकुमार सिंह व राज्य सरकार को भेजी जाएगी। कमेटी की पहली बैठक बुधवार को राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में कुलपति प्रो. बनवारीलाल गौड़ की अध्यक्षता में हुई। राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी से संबद्ध सीकर के परशुरामपुरिया आयुर्वेद महाविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी पिछले आठ माह से हड़ताल पर थे, लेकिन परीक्षाओं के समय सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति पूर्ण बताकर भेज दी गई। इस पर यूनिवर्सिटी को अनियमितता की आशंका हुई तथा कुलाधिपति तथा राज्यपाल शीलेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले में कुलपति की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर गहन जांच करने के आदेश दिए। वहीं राज्यपाल के आदेश से कुलपति बनवारीलाल गौड़ ने सीकर कलेक्टर को पत्र भेजकर उपस्थिति से जुड़े सभी दस्तावेज मंगवा लिए थे।

क्या थी अनियमितता

1 सितंबर माह की उपस्थिति में ३१ तारीख पर भी विद्यार्थियों की हाजिरी दर्ज की हुई थी। जबकि सितंबर माह 30 दिन का ही होता है।
1 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की कॉलेज में संख्या 36 है लेकिन उपस्थिति 39 की पूरी की गई। 3 विद्यार्थी कॉलेज छोड़ चुके थे।
1 कॉलेज का 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का अवकाश था लेकिन इस दिन की भी विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
1 उपस्थिति एक ही पेन तथा एक ही व्यक्ति द्वारा लगाई गई है।

नहीं आया प्रबंधन मंडल

राज्यपाल के आदेशानुसार गठित कमेटी में कॉलेज के संचालक, प्रार्चाय, 3 शिक्षक प्रतिनिधि, 2 कर्मचारी प्रतिनिधि व 5 छात्र प्रतिनिधियों को कमेटी की बैठक में बुलाया गया था। बैठक में प्राचार्य व संचालक बैठक में मौजूद नहीं थे, जिसे यूनिवर्सिटी ने गंभीरता से लिया है।

शिक्षकों का आंदोलन स्थगित

राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की बीएएमएस परीक्षा की तिथि एक सप्ताह में तय हो जाएगी। वहीं सीकर के परशुरामपुरिया कॉलेज के शिक्षकों ने अपनी हड़ताल को स्थगित कर दिया है। वहां गुरुवार से कक्षाएं लगेंगी तथा उनकी उपस्थिति पूर्ण होने पर उनकी परीक्षाएं अलग से आयोजित की जाएगी।

आज जारी हो सकता है परीक्षा कार्यक्रम

राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की बीएएमएस की परीक्षाएं 8 मई से शुरू होने वाली थी, लेकिन सीकर के परशुरामपुरिया कॉलेज के विद्यार्थियों के आंदोलन के कारण ये परीक्षाएं आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस महाविद्यालय के विद्यार्थियों के अलावा अन्य विद्यार्थियों की परीक्षाएं एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दी जाएगी। इसका परीक्षा कार्यक्रम संभवतया गुरुवार को घोषित कर दिया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: