इंदौर. पूर्वी रिंग रोड के दो चौराहों का 2.10 करोड़ रु. में विकास किया जा रहा है। करीब दो महीने पहले इंदौर विकास प्राधिकरण को सड़क सुरक्षा समिति ने लिखित सुझाव दिया था कि रिंग रोड पर बढ़ते यातायात के मद्देनजर चौराहों के सभी लेफ्ट टर्न चौड़े करने की जरूरत है। इसी के तहत यह काम शुरू किया गया।
आसाराम बापू चौराहे की रोटरी पर धौलपुरी पत्थर और जालियां लगाई जाएंगी। आसाराम बापू ट्रस्ट ने अपने कंसल्टेंट की डिजाइन की खास बातें शामिल करने की मांग की है। हालांकि ट्रस्ट से आर्थिक सहयोग नहीं लिया जा रहा है।
चौराहे के चारों कोनों पर आईटी पार्क, यूनिवर्सिटी, सोयाबीन अनुसंधान केंद्र और वन विभाग की जमीन है। आईटी पार्क की फेंसिंग शुक्रवार को हटा दी गई। सोयाबीन अनुसंधान केंद्र और वन विभाग ने जमीन सौंप दी और काम भी शुरू हो गया। यूनिवर्सिटी से दीवार हटाने को कहा गया तो उसने नई दीवार बनाकर देने को कहा लेकिन प्राधिकरण ने इंकार कर दिया।