इंदौर. फीडर रोड के दूसरे चरण में बन रहे ग्रेटर कैलाश रोड का काम दिन-रात चलेगा। निगम ने फिलहाल इसी योजना पर काम शुरू किया है। इसके तहत सड़क की खुदाई और कांक्रीटीकरण दोनों साथ-साथ होंगे। शुक्रवार से निगम खुदाई वाले हिस्से में सड़क बनाना शुरू कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है यह व्यवस्था इसलिए की गई ताकि रात में खुदाई करने पर मिट्टी ढोकर ले जाने वाले ट्रकों को परेशानी न हो और इससे यातायात भी अवरुद्ध नहीं होगा। दिन में मजदूरों से सड़क की लेवलिंग करवाएंगे। ठेकेदार कंपनी सोम प्रोजेक्ट्स प्रा.लि. ने सड़क की मार्किग कर खुदाई और लेवलिंग शुरू कर दी है। फीडर रोड प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया शुक्रवार तक कांक्रीट सड़क बनाने की मशीन भी आ जाएगी।
यातायात पुलिस को देरी से दी सूचना
इधर, यातायात पुलिस निगम के जहां-तहां काम करने से परेशान है। निगम ने 11 मई से ग्रेटर कैलाश रोड का काम शुरू किया है। इसकी सूचना यातायात पुलिस को 10 मई की दोपहर में मिली। ट्रैफिक डीएसपी अंजना तिवारी ने बताया हमने निगम अफसरों से कहा है इतने कम समय की सूचना पर एकाएक डायवर्शन और दूसरी व्यवस्थाएं नहीं की जा सकतीं इसलिए अचानक किसी भी सड़क का काम शुरू नहीं करें। पहले योजना बता दें ताकि दूसरी व्यवस्थाओं के लिए पुलिस को पर्याप्त समय मिले।
इससे पहले भी निगम ने सपना-संगीता और गीताभवन-सरवटे रोड का काम शुरू कर दिया और हमें तैयारियां का समय नहीं मिला। बहरहाल, ट्रैफिक पुलिस और निगम ने ग्रेटर कैलाश रोड पर बैरियर लगा दिए हैं।