इंदौर. उद्योगपति मनोहर बाहेती के बेटे मधुर की इंडस्ट्री हाउस की नौवीं मंजिल पर हुई रहस्यमय मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पुलिस की जांच दिशा आत्महत्या पर आकर टिक गई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उसने डिप्रेशन के कारण ऐसा किया।
घटना के बाद एडीशनल एसपी महेशचंद जैन व सीएसपी बिट्टू सहगल ने घटनास्थल का फिर से निरीक्षण कर पोस्टमार्टम करने वाली टीम से चर्चा की। इसके साथ ही इंडस्ट्री हाउस के चौकीदारों और कुछ कर्मचारियों के बयान लिए। इसमें ऐसी कोई भी बात सामने नहीं आई जिसमें किसी ने संदिग्ध लोगों आते-जाते देखा। उधर, अधिकारी बाहेती परिवार से सतत संपर्क में है।
अब तक की पूछताछ में फिर यही बात सामने आई है कि वह किसी एक बात को लेकर डिप्रेशन में नहीं था बल्कि उसे डिप्रेशन की बीमारी थी, जिसका इलाज चल रहा था। उसका किसी से विवाद या दुश्मनी भी नहीं थी। माना जा रहा है कि वह आत्महत्या की नीयत से ही छत तक गया। दरवाजा बंद होने से नौवीं मंजिल पर रैलिंग से सिर के बल खुद गिरा या कूदा। विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस ठोस नतीजे पर पहुंचेगी।