News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. चोरों ने शिवानंदनगर खमतराई स्थित कर्मचारी के सूने घर को सोमवार की रात निशाना बनाया। मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोर घुसे और अलमारी में रखे एक लाख रुपए से ज्यादा के जेवर और नगदी ले उड़े। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।
इंडियन आइल कापरेरेशन के कर्मचारी मोहम्मद मुशीरउद्दीन एलपीजी बाटलिंग प्लांट सिलतरा में पदस्थ हैं। वे सोमवार दोपहर छुट्टी मनाने परिवार समेत मसूरी जाने के लिए निकले थे। उसी रात उनके घर का ताला टूट गया। दूसरे दिन फोन पर पड़ोसी ने उन्हें चोरी की सूचना दी तो वे दिल्ली से ही वापस लौट आए। वे आज दोपहर बाद जब यहां पहुंचे, घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और घर में सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अलमारी में रखा सात तोले से ज्यादा सोने के जेवर, 10 हजार रुपए नगदी और चार महंगी घड़ियां गायब थीं।
चोरी की शिकायत पर खमतराई पुलिस के अलावा एफएसएल की टीम ने भी मौके का मुआयना किया। क्राइम स्क्वाड भी सक्रिय हो गया है। पुलिस दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि चोर इन दिनों सूने घरों के साथ दुकानों को भी निशाना बना रहे हैं। दो दिन पहले मार्डन कांप्लेक्स स्थित कंप्यूटर शाप का शटर उठाकर चोर वहां से बड़ी रकम लेकर भाग गए थे।
दुकान खोलने पहुंचे इसके संचालक प्रवीण कटेला को चोरी का पता दूसरे दिन सुबह चला। पखवाड़ेभर में आधा दर्जन चोरियां हुई, जिनमें पुरानीबस्ती इलाके के बर्तन कारोबारी के यहां दिन में हुई सात लाख रुपए से ज्यादा की चोरी का पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।