News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. स्टेशन रोड की दुकानें तोड़ने के विरोध में छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स ने मोर्चा संभाल लिया है। चैंबर की बैठक में आज पदाधिकारियों का सरकार पर गुस्सा फूट पड़ा।
चैंबर ने स्टेशन रोड के व्यापारियों को चर्चा के लिए बुलवाया था। बैठक में भारी गहमा गहमी रही। चैंबर के चेयरमैन पूरनलाल अग्रवाल ने तो यहां तक कह दिया कि वहीं सरकार सत्ता में रहती है जो व्यापारियों का साथ देती है। रमन सिंह की सरकार ने चार साल तक व्यापारियों की सभी मांगें मानी पर अचानक क्या हो गया है कि व्यापारियों के खिलाफ इस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं। एक तरफ कई सामान पर वैट लगा दिया है तो दूसरी तरफ दुकानें तोड़ने नोटिस दी जा रही है। चैंबर के महामंत्री देवेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि अधिकारी मनमाने फैसले ले रहे हैं।
दुकानें तोड़ने 24 घंटे का समय देना इसी मानसिकता का परिचायक है। स्टेशन रोड के व्यापारियों ने भी अपनी राय दी। गणोश शंकर यदु ने कहा सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण के नाम पर हमें भयभीत किया जा रहा है। पुरूषोत्तम सरीन ने कहा कि शासन स्टेशन रोड की जमीन को नजूल की बता रहा है, लेकिन वह नजूल की जमीन नहीं है। नेमीचंद जैन ने कहा कि सड़क चौड़ी करने 80 फीट जमीन चाहिए, हमारा व्यवस्थापन कर दिया जाए तो हम सहयोग करेंगे। सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों के समक्ष रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। आनंद चोपकर ने कहा दुकानों के सामने रिक्शे व ठेले खड़े न होने दें तो ट्रैफिक की समस्या हल को जाएगी।
मनमोहन सिंह सैलानी ने कहा कि स्टेशन रोड की ट्रैफिक समस्या हल करने व्यापारी निजी गार्ड लगाएं। सभी को सुनने के बाद चैंबर अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने आनंद चोपकर के संयोजन में संघर्ष समिति बनाई गई है।
सेतु का काम करेगा चैंबर
चैबर के अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि व्यापारियों व शासन के बीच चैंबर सेतु का काम करेगा। चैंबर प्रशासन से आग्रह करेगा कि स्टेशन रोड के 63 व्यापारियों को एकाएक हटाना अनुचित है।
चौतरफा विरोध
स्टेशन रोड की दुकाने तोड़ने के फैसले का चौतरफा विरोध हो रहा है। मालवीय रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष भारामल मत्थानी, छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के अध्यक्ष बलराम रूपरेला, सिंधु एकता संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, गौरीशंकर सेवा समिति के सलाहकार पंकज तेजवानी, सिंधु किरण के प्रमुख दीपक खटवानी ने कहा कि किसी के पेट में लात मार कर किया गया विकास विनाश का कारण बन जाता है।