bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

शहाबुद्दीन मर्डर के संदेही कोलकाता से भी फरार!

रायपुर. डिप्लोमा इंजीनियर शहाबुद्दीन मर्डर केस की गुत्थी उलझती जा रही है। पुलिस ने जिन-जिन संभावित ठिकानों पर दबिश दी, वहां संदेही हाथ नहीं आए। संदेहियों के रिश्तेदारों से पूछताछ के दौरान कई उलझाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की तहकीकात संदेहियों के रिश्तेदारों के बयान पर ही टिकी है। उनके रिश्तेदार जिन-जिन ठिकानों के बारे में बतला रहे हैं, पुलिस वहां-वहां छापे मार रही है।

पुलिस के जानकारों ने बताया कि शहाबुद्दीन की हत्या करने के संदेही विनयजीत नाग और उसकी पत्नी फिलहाल कोलकाता में नहीं है। पुलिस को इस बात का संदेह है कि डिप्लोमा इंजीनियर की नृशंस हत्या करने के बाद नाग परिवार ने कोलकाता में ही पनाह ली थी। उसके बाद जब उन्हें पुलिस के हत्थे चढ़ जाने की आशंका हुई तो वे वहां से फरार हो गए। नाग फैमिली के बहुत से रिश्तेदार खड़गपुर और दुर्गापुर में रहते हैं। कोलकाता के रिश्तेदारों ने शंका जाहिर की है कि नाग वहां छिपा होगा। उसी आधार पर पुलिस ने बंगाल के इन दोनों शहरों में टीम भेजी है।

क्राइम ब्रांच के एसपी अजातशत्रु बहादुर सिंह अभी भी बंगाल में हैं। पुलिस के जानकार अफसरों ने बताया कि बंगाल पुलिस की मदद से नाग परिवार के कई रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। शहाबुद्दीन लाश बरामद होने के पांच दिन बाद भी पुलिस हत्यारे तो दूर संदेहियों को भी नहीं खोज सकी है। इसके बावजूद पुलिस के आला अफसर इस बात का दावा कर रहे हैं, कि इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। शहाबुद्दीन बिरगांव का रहने वाला था। शंकर नगर गोरखा कालोनी स्थित एक किराए के मकान से उसकी लाश बरामद की गई थी। शहाबुद्दीन का खून गले में धारदार हथियार से वार करके किया गया था।

हत्या के बारे में पुलिस को जो सुराग मिले हैं, उसके मुताबिक युवक को किसी युवती के जरिये फांसकर गोरखाकालोनी बुलाया गया था। उसके बाद ब्लैक मेलिंग की कोशिश नाकाम होने पर उसकी हत्या कर दी गई। इंजीनियर का खून करने के बाद उसके परिवार से 15 लाख की फिरौती मांगी गई थी। यह केस इतना उलझा हुआ है कि पुलिस ने इसे एक चुनौती मान लिया है। आला अफसर इसी वजह से इस हत्याकांड को सुलझाने में खुद दिलचस्पी ले रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: