News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. जेल विभाग के डीजी एस के सरीन ने बुधवार को शिवपुरी उपजेल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल जेल की व्यवस्थाएं देखीं, बल्कि कैदियों से भी बातचीत की और निरीक्षण के बाद जेल प्रशासन को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जेल डीजी श्री सरीन मंगलवार की देर शाम ही जिला मुख्यालय पर आ गए थे। रात्रि विश्राम करने के बाद आज सुबह वे एसपी डीसी शर्मा और उपजेल के जेलर आरआर सिंह को लेकर बड़ौदी पर निर्माणाधीन नई जेल पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अब तक हुए काम की जानकारी ली और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की।
लोनिवि के अधिकारियों ने श्री सरीन को बताया कि जेल निर्माण के टेंडर पुन: जारी किए गए हैं, क्योंकि पिछले ठेकेदार काम से हाथ खड़े कर चुके हैं। जेल डीजी श्री सरीन ने जल्द से जल्द टेंडर कर काम शुरू करने के लिए लोनिवि के अफसरों को निर्देशित किया। इसके बाद श्री सरीन उपजेल शिवपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने सभी बैरकें देखीं और कैदियों से पूछा कि उन्हें खाना अच्छा मिलता है अथवा नहीं।
कैदियों ने जेल प्रशासन के भय से हालांकि श्री सरीन को अव्यवस्थाओं की जानकारी दी और जो जानकारी मिली, उससे श्री सरीन संतुष्ट नजर आए। उन्होंने जेल प्रशासन को जेल परिसर में साफ सफाई रखने और कैदियों के लिए गर्मी के मौसम में शीतल पेय पदार्थ पिलाने के निर्देश दिए।