लुधियाना. गुरु नानक देव इंजीनियरिंग (जीएनई) कॉलेज में मामूली बात पर हुए झगड़े में छात्रों के एक गुट ने दो छात्रों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें घायल एक छात्र ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीन छात्रों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान इलैक्ट्रिक इंजीनियरिंग के चौथे सैमेस्टर के छात्र राजदीप सिंह के रूप में हुई है।
जीएनई के छात्रों ने बताया कि छात्र मोगा निवासी लाडी ने राजदीप और सुमित इंदरपाल सिंह पर मंगलवार को उनके होस्टल का शीशा तोड़ने का आरोप लगाया था। बुधवार को राजदीप व सुमित इंदरपाल सिंह का पेपर था। पेपर के बाद शीशा तोड़ने की बात को लेकर लाडी ने उन्हें कॉलेज टक्क शॉप पर बुलाया। वहां लाडी और दो साथी विक्रमजीत सिंह व उसका भाई डिक्की पहले से मौजूद थे।
कॉलेज में तेजधार
राजदीप व सुमित इंद्रपाल सिंह के शॉप पर पहुंचने पर शीशे की बात को लेकर दोनों पक्षों में बहसबाजी हो गई। इस दौरान तीनों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसके बाद छात्रों ने घायल सुमित इंदरपाल सिंह को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां राजदीप को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को काबू कर लिया है हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
>> पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
परमजीत सिंह पन्नू, डीएसपी (रूरल)