मजीठा. कुछ दिनों से वेरका के युवक को एक लड़की फोन कर रही थी, सोमवार को उसने उसे मिलने के लिए मजीठा बुलाया और उसके बाद उसे अगवा कर लिया गया। अब उसे छोड़ने के लिए एक करोड़ की फिरौती मांगी जा रही है।
मोहल्ला धुपसड़ी संत नगर निवासी दलबीर कौर ने बताया कि उनके 20 वर्षीय बेटे नरिंदर सिंह को 12 मई को रात 8 बजे किसी लड़की ने फोन कर मजीठा रेलवे स्टेशन के पास बुलाया था। वह अपने रिश्तेदार बलजीत सिंह के साथ मोटरसाईकल पर स्टेशन जा पहुंचा। कुछ समय बाद बलजीत लौट आया। लेकिन उनके बेटे का कोई पता नहीं चला। बलजीत ने कहा, नरिंदर उसे मजीठा बस स्टैंड पर छोड़ आया था।
13 मई को उन्होंने बेटे को रिश्तेदारों के पास ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहीं। इसके बाद उन्हें फोन आया कि नरिंदर को अगवा कर लिया गया है, जिसे छुड़ाने के लिए एक करोड़ रुपए देने होंगे। पैसे न देने की स्थिति में उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
1.40 करोड़ में बेची थी जमीन
बलजीत सिंह ने बताया कि नरिंदर को एक महीने से किसी लड़की के फोन आ रहे थे। उसकी मां ने एक साल पहले अपनी जमीन एक करोड़ 40 लाख रुपए में बेची थी, जबकि उसके पिता कुलवंत सिंह की मौत हो चुकी है। उधर, दलबीर ने बेटे के अपहरण का संदेह अपनी बेटी पर जताया है। उनका कहना है कि जायदाद बेचने के बाद से ही उनकी बेटी बलजीत कौर धमका कर उनसे पैसे मांग रही थी।
>> लड़के को आए फोन कॉल्स की डिटेल और फिरौती के लिए आई कॉल की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ुपकड़ लिया जाएगा।
दिलबाग सिंह, एसपी (एच), मजीठा