अमृतसर.
12 मई को हुए जिला परिषद चुनावों के बुधवार को घोषित हुए परिणामों में शिरोमणि अकाली दल (ब) बाजी मारने में सफल रहा। 142 सीटों के घोषित हुए परिणामों में शिअद को 115 सीटों पर जीत हासिल हुई। जबकि कांग्रेस को 24 सीटों, भाजपा को एक, सीपीआई को एक और आजाद उम्मीदवारों को तीन सीटों पर जीत हासिल हुई।
अजनाला की 22 सीटें शिअद को
अमृतसर जिले में पड़ती कुल 173 सीटों में से 142 के बुधवार को परिणाम घोषित हुए। इसमें अजनाला की 22 सीटों में से शिअद को 21 और कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई। इसी तरह हर्षा छीना की 15 सीटों में से शिअद को 13 और कांग्रेस को दो, जंडियाला गुरु की 21 में से शिअद को 15, कांग्रेस को 5 और सीपीआई को एक सीट मिली।
रईया की 25 सीटों में से शिअद ने 13, कांग्रेस ने 12 सीटें जीती। तरसिक्का की 13 सीटों में से शिअद को 11, कांग्रेस को 1 और आजाद को एक सीट मिली। चौगांवा की 25 सीटें ही शिअद की झोली में चली र्गई।
वेरका में शिअद को 17 सीटें
वेरका की 23 सीटों में से शिअद ने 17, भाजपा ने एक, कांग्रेस ने तीन और आजाद उम्मीदवारों ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। जिला परिषद चुनावों में अनपोल रही सीटों में हर्षा छीना की 2, मजीठा की 4, तरसिक्का की 4, चौगांवा की 1 और वेरका की पांच सीटें शामिल हैं।
मजीठा की 23 सीटों पर हुए चुनावों में से 4 अनपोल रहने के बावजूद शेष सीटों के भी अभी परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। परिणाम घोषित होने के बाद शिअद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। उनका कहना है कि जनता ने गठबंधन सरकार की नीतियों में पूरा विश्वास जताते हुए शिअद को ब्लाक समिति चुनावों में विजयी बनाया है।