HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

सल्लू का निगाहे करम

एक दौर था, जब सलमान खान को दूसरों के निगाहे करम की जरूरत थी। पिता विख्यात लेखक थे, बावजूद इसके सलमान ने खुद को स्थापित करने के लिए काफी संघर्ष किया। तब कहीं जाकर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के रूप में उन्हें मिली सूरज बड़जात्या की रोशनी। फिर सलमान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कभी खुद प्रमोट होने की धुन में दीवाने सलमान के लिए आज आलम यह है कि वे दूसरों को प्रमोट कर रहे हैं।

इंडस्ट्री में कहा जाता है कि सलमान का एक बार जिस पर दिल आ जाए उसके लिए वे कुछ भी करने के लिए तैयार हो जाते हैं। लड़की हो तो वह उसे नायिका बनाने की कवायद शुरू कर देते हैं और लड़का होगा तो उसे म्यूजीशियन, गायक या नायक। यह उस व्यक्ति के हुनर पर निर्भर करता है। कैटरीना के साथ-साथ सलमान इस समय नवोदित अभिनेत्री महक चहल को प्रमोट कर रहे हैं। खबर है कि सलमान की वजह से ही महक को दो फिल्मों में काम मिला है।

पिछले अक्टूबर में सलमान और महक की एक पार्टी में मुलाकात हुई थी। सलमान महक से अच्छे-खासे प्रभावित हुए और उन्होंने उसे फिल्मों में काम देने का वादा किया। सूत्रों के मुताबिक सलमान ने पहले महक को बोनी कपूर की फिल्म ‘वांटेड डेड ऑर अलाइव’ में आइटम नंबर करने का मौका दिलवाया और अब उन्होंने श्याम बजाज की फिल्म ‘जय वीरु’ में काम दिलवाया है। इस फिल्म में महक ‘आगरे के घागरे’ बोल वाले आइटम नंबर पर थिरकती हुई नजर आएंगी। इसके साथ ही सलमान ने महक को अपने भाई सोहेल की फिल्म ‘मैं और मिसेज खन्ना’ में भी एक अच्छा रोल दिलवाया है।

इतना ही नहीं सलमान इस समय अपने सभी निर्माता-निर्देशक दोस्तों से महक को काम देने के बारे में कह रहे हैं। ‘मैं और मिसेज खन्ना’ में महक को पहले सिर्फ मेहमान कलाकार के रूप में लिया गया था, लेकिन सलमान के कहने पर उसका किरदार अब बढ़ा दिया गया है। कैरियर की शुरुआत में ही तीन बड़ी फिल्में मिलने से महक काफी खुश हैं। वे अपने उद्गार व्यक्त करते हुए सल्लू की तारफीं के पुल बांधती फिर रही हैं कि ‘सलमान बहुत ही अच्छे हैं और हर किसी को वह मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

बॉलीवुड में सलमान को २५ साल हो गए हैं और प्रोफेशनल टिप्स के लिए उनसे अच्छा और कौन हो सकता है।’ महक जैसी नई लड़की सल्लू की तारीफों के पुल बांधे इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। बात तो तब है, जब कामयाबी के बाद भी लड़कियां सलमान को याद रखें, लेकिन कई मामालों में सलमान को चोट ही पहुंची है। खैर दरियादिल सलमान तो लोगों का कैरियर बनाने में जुटे हैं और इसे नेक काम मानते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: