Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
आदित्य चोपड़ा अगले हफ्ते से अपनी नई फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की शूटिंग शुरू कर रहे हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने फिल्म की नायिका के रूप में अनुष्का शर्मा का चयन किया था। नायिका के बारे में निर्णय हो गया तो इसका मतलब यह नहीं कि चोपड़ा परिवार शांति से बैठ गया है। ‘टशन’ की असफलता ने दोनों दिग्गज चोपड़ाओं यश और आदित्य के कान खड़े कर दिए हैं और अब वे नई फिल्म को कामयाब बनाने के लिए चहुं ओर से जोर लगा रहे हैं। अब उनके सामने एक नई चुनौती है, जिसके लिए वे फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।
कहानी की मांग के मुताबिक उन्हें फिल्म में चंडीगढ़ की बढ़िया लोकेशंस दिखाना है। इसके लिए पूरी यूनिट को चंडीगढ़ ले जाने की अपेक्षा आदित्य मुंबई की फिल्म सिटी में चंडीगढ़ बसा रहे हैं। इसी सेट पर फिल्म के अधिकतर हिस्सों की शूटिंग होगी। वैसे ऐसी बात नहीं है कि चोपड़ा परिवार के पास पूरी यूनिट को चंडीगढ़ ले जाने के पैसे नहीं हैं, लेकिन यह तो आदित्य का जुनून है कि वे कुछ अद्वितीय करें और इसी वजह से वे फिल्म सिटी में ही चंडीगढ़ बसा रहे हैं।
इसकी एक वजह यह भी है कि शाहरुख मुंबई में इन दिनों काफ ी व्यस्त हैं और वे चाहते हैं कि मुंबई में ही शूटिंग हो। इसके लिए फिल्म सिटी के देवदास मैदान में चंडीगढ़ का सेट लगाया जा रहा है। खुद आदित्य सेट निर्माण पर ध्यान दे रहे हैं। सरसों का खेत और अनुष्का के घर का बाहरी हिस्सा यहां पर बनाया जाने वाला है।
घर का अंदरूनी हिस्सा यशराज स्टूडियो में बनाया जाएगा। इसी हफ्ते फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली है। हालांकि शूटिंग के पहले शेड्यूल में शाहरुख हिस्सा नहीं ले रहे हैं। शाहरुख महीने के अंत में शूटिंग में हिस्सा लेंगे। इस शूटिंग के बाद पूरी यूनिट विदेश में शूटिंग के लिए रवाना होने वाली है। यह फिल्म आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बन रही है।