Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood पिछले दिनों अपने पुत्र मिमोह की फिल्म ‘जिमी’ के प्रीमियर पर मिथुन ने सलीम खान परिवार की खूब आवभगत की। मिथुन ने कहा कि सलीम साहब के उनपर बड़े अहसान हैं और उनके कैरियर में सलमान के पिता का बहुत बड़ा योगदान है। मिथुन ने खुद को सलमान के बड़े भाई जैसा ही बताया और कहा कि वे इस परिवार के बहुत करीब हैं। यह तो थी प्रीमियर के दौरान कही बात, लेकिन अब मिथुन दा को वाकई सलमान के और करीब आने का मौका मिल रहा है। भले ही फिल्मी परदे पर ही सही, लेकिन वे सलमान के पिता के रूप में एक भूमिका निभाने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि सलमान की कहानी पर बनने वाली फिल्म ‘वीर’ का निर्माण विजय गालानी कर रहे हैं। इस फि ल्म के लिए सलमान के पिता के किरदार के लिए कुछ कलाकारों के नामों पर चर्चा हो रही थी और मिथुन का नाम भी उसमें शामिल था। अंतत: इस महत्वपूर्ण किरदार के लिए मिथुन को चुन ही लिया गया। बात यहां खत्म नहीं हो जाती।
सलमान का पिता बनना वह भी सिल्वर स्क्रीन पर कोई कम चुनौती भरा काम नहीं है। इसके लिए बॉडी बिल्डर पुत्र के पिता यानी मिथुन को भी अपना गठीला शरीर दिखाना है और उन्हें घुड़सवारी भी करनी है। फिलहाल यदि मिथुन के शारीरिक गठन पर निगाह डाली जाए, तो उनका शरीर गठीला नहीं है। किरदार की मांग देखते हुए मिथुन ने पिछले कुछ दिनों से एक्सरसाइज करना भी शुरू कर दी है। फिल्म की शूटिंग अगस्त से शुरू होने वाली है और उसके पहले मिथुन को बॉडी बनानी है।
निर्देशक अनिल शर्मा ने खबर की पुष्टि कर बताया कि सलमान का कहना था कि मिथुन यह किरदार बखूबी निभा सकते हैं। दूसरी ओर मिथुन का उत्साह भी देखते ही बनता है। अब हर दिन वे दो घंटे एक्सरसाइज करने लगे हैं और सलमान से भी उन्होंने कुछ टिप्स ली हैं। ‘वीर’ में मिथुन एक अलग अंदाज में नजर आएंगे।