HomeSportsCricket Cricket

मेरे दिमाग में सिर्फ जीत थी: शोएब

कोलकाता/कराचीइंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में धमाकेदार आगाज करके दिल्ली डेयरडेविल्स को अपने एक ही स्पैल में ध्वस्त करने वाले तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा उन्होंने गेंदबाजी में अपना सब कुछ झोंक दिया था। तीन ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने शोएब ने कहा मैं सिर्फ अपनी टीम के लिए मैच जीतना चाहता था।

मुझे अपने आप को किसी के सामने साबित करने की जरूरत नहीं है। शोएब ने टीम के साथी खिलाड़ियों, कोच जॉन बुकानन, कप्तान सौरव गांगुली और नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान का आभार व्यक्त किया। शोएब ने कहा शाहरुख और सौरव के साथ ड्रेसिंग रूम में रहना बहुत मजेदार है। उन्होंने मेरा पक्ष लिया और मैं अच्छा प्रदर्शन करके वास्तव में बहुत खुश हूं। उन्होंने मुझ पर विश्वास दिखाया जिसकी बदौलत मैं अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहा।

रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से ख्यात शोएब ने कहा हर किसी ने योगदान दिया। हमारी टीम का क्षेत्ररक्षण भी शानदार था। एक समय शोएब का आईपीएल में शामिल होना संदिग्ध लग रहा था क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन पर पांच वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद आईपीएल अधिकारियों ने भी प्रतिबंध हटाए बिना उन्हें खेलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

बुकानन जैसा व्यक्ति चाहिए

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच जॉन बुकानन ने दिखा दिया कि विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर से सर्वश्रेष्ठ परिणाम निकालने के लिए उन्हें अधिक मजबूत और पेशेवर तरीके से निपटने की जरूरत है। बुकानन ने शोएब को दो मैच में नहीं खिलाया क्योंकि वे उनकी मैच फिटनेस से खुश नहीं थे, लेकिन मंगलवार को जब उन्होंने शोएब को मौका दिया तो नाइट राइडर्स के इस तेज गेंदबाज ने छोटे स्कोर का शानदार तरीके से बचाव करते हुए 4 विकेट लिए। अकरम ने कहा मैंने कहा था कि शोएब में आईपीएल में प्रदर्शन करने की क्षमता है। वे इस तरह के गेंदबाज हैं जो अधिक दर्शक होने पर और अच्छा प्रदर्शन करते हैं। बुकानन ने उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया है उससे स्पष्ट है कि बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए शोएब से और अधिक मजबूत और पेशेवर तरीके से निपटने की जरूरत है।

पीसीबी अपने रुख पर कायम

आईपीएल में शोएब के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपने रुख पर कायम रहेगा। पीसीबी अध्यक्ष नसीम अशरफ ने कहा शोएब के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद स्वदेश लौटने पर अनुशासन के मसले पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संचालन निकाय की बैठक के बाद कहा जहां तक शोएब के खिलाफ प्रतिबंध का मसला है तो उन्हें पूरी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा। इस बैठक में नियम तोड़ने और अनुशासनहीनता दिखाने वाले खिलाड़ियों के प्रति कड़ा रवैया अपनाने की नीति पर कायम रहने की बात दोहराई गई। यदि शोएब आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते रहते हैं तो भी इससे उनकी अपील की सुनवाई के दौरान कोई मदद नहीं मिलेगी। बोर्ड का रवैया बिलकुल साफ है अनुशासन से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: