Manoranjan
Cinema
Hollywood Hollywood 
कान्स. 14 तारीख से कान्स फिल्मोत्सव शुरू हो गया है और ग्लैमर का मेला लग गया है लेकिन इस मेले में भारत खोया-खोया सा है। कोई भी भारतीय फ़िल्म प्रतियोगिता वर्ग में नहीं है।
कान्स में आधिकारिक तौर पर भारत की उपस्थिति दर्ज करवाने का श्रेय जाएगा एक ऐसी फ़िल्म को जो अब से 42 साल पहले बनी थी। देव आनंद की क्लासिक फ़िल्म ‘गाइड’ को इस बार कान्स के क्लासिक फ़िल्म सेक्शन के लिए चुना गया है जिसके लिए देव आनंद को ख़ास तौर पर आमंत्रित किया गया है। फ़िल्म को लेकर देव आनंद ख़ुद कान्स पहुंचे रहे हैं।
कान्स में गाइड दिखाए जाने को लेकर देव आनंद काफ़ी उत्साहित हैं। वे कहते हैं, "ये पहली बार है जब मुझे कान्स उत्सव में आने का मौका मिला है। गाइड 42 साल पहले बनी थी। अगर आज उसे अंतरराष्ट्रीय उत्सव में दिखाया जा रहा है तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। मैं ऐसे लोगों को जानता हूँ जो बताते हैं कि उन्होंने कोई 20-30 बार गाइड देखी है। बस अगर किसी को मिस कर रहा हूँ तो गाइड के निर्देशक विजय आनंद को। काश वो भी हम सब के साथ होते।"
पिछली बार जहाँ चीनी कम, जोधा अकबर और गोल जैसी फ़िल्में लेकर भारतीय सितारे पहुंचे थे तो इस बार सरकार राज, गॉड तुसीं ग्रेट हो और द्रोणा का फ़र्स्ट लुक अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।
रूमी जाफ़री के निर्देशन में बनी ‘गॉड तुसीं ग्रेट हो’ में अमिताभ बच्चन,सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा हैं। द्रोणा इस साल की बहुचर्चित फ़िल्मों से एक है। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की फ़िल्म सरकार राज की पहली झलक भी देखने को मिलेगी।
विदेशी कलाकारों के साथ भारत की अदाकारा और पूर्व विश्व सुदंरी ऐश्वर्य राय ने रेड कारपेट पर अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरे।