Sports
Other Sports Other Sports इपोह.
परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एक अंत तक रोचक मुकाबले में भारत ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ में अपने को बनाए रखने में सफल रहा। भारत की ओर से दोनों ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह और दिवाकर राम ने एक-एक गोल किया। जबकि पाकिस्तान की ओर से वरिष्ठ मिड-फील्डर मोहम्मद सकलैन ने गोल किया।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारत कनाडा और बेल्जियम को हरा चुका है। इस मैच में भारतीय हॉकी टीम शुरुआत से ही काफी अटैकिंग मूड में थी। शिवेंद्र सिंह की अगुवाई में अग्रिम पंक्ति ने गोल के दो बेहतरीन मौके बनाए पर टीम उन्हें गोल में तब्दील करने से चूक गई। छठे मिनट में मिले पहले पेनाल्टी कॉर्नर को ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने अपने तेज तर्रार शॉट से गोल में डालकर भारत को मैच में 1-0 की बढ़त दिला दी। तीन मिनट बाद ही संदीप को गोल करने का एक और मौका मिला, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर राशिद इसका अनुमान लगाकर बचाव करने में सफल रहे। भारत को 20 वें मिनट में मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को युवा दिवाकर राम गोल में तब्दील करने में कामयाब रहे।
खेल के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी कभी भी अपनी लय में नजर नहीं आए और अग्रिम पंक्ति आधे-अधूरे मन से गोल करने का प्रयास करती दिखी। इसका सबूत है कि टीम पहले हॉफ में मिले चार पेनाल्टी कॉर्नर में से किसी को भी भुनाने में असफल रही। पाकिस्तान ने खेल के दूसरे हाफ में कुछ आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश की। सकलैन ने 58वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में डालने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद पाकिस्तान ने बढ़त कम करने के लिए कुछ बेहतरीन प्रयास किए, लेकिन भारत के गोलकीपर एड्रियन डिसूजा ने शानदार बचाव कर टीम की बढ़त को बनाए रखा। भारत को लीग का अपना आखिरी मुकाबला शनिवार को मेजबान मलेशिया से खेलना है।