मुंबई. इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच शुक्रवार को जोरदार मुकाबला होने की संभावना है। मुंबई इंडियंस टीम के नियमित कप्तान सचिन तेंडुलकर की वापसी से इंडियंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। पिछले मैच में इंडियंस ने जिस शानदार ढ़ंग से चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी, उससे स्पष्ट है कि आने वाले मैचों में इंडियंस किसी टीम को बक्शने के मूड में नहीं है।
वहीं दूसरी तरफ नाइट राइडर्स की टीम भी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के आने के बाद से काफी संतुलित हो गई है। ईशांत शर्मा, शोएब अख्तर और उमर गुल की तिकड़ी किसी भी टीम को हराने का दमखम रखती है। वहीं मुंबई टीम के पास भी इस तेज आक्रमण का जवाब देने के लिए जयसूर्या, सचिन और उथप्पा जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं। हालांकि मुंबई टीम में शॉन पोलक को छोड़कर कोई दमदार तेज गेंदबाज नहीं है और नाइट राइडर्स के मुकाबले टीम का गेंदबाजी आक्रमण भी कुछ कमजोर दिखता है।
नाइट राइडर्स अंक तालिका में दस अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज हैं, जबकि मुंबई खराब शुरुआत से उबरते हुए लगातार चार मैच जीतने में सफल रही है। जैसे-जैसे अंकतालिका के शीर्ष चार में पहुंचने की होड़ दिनों दिन तेज होते जा रही है, वैसे-वैसे टूर्नामेंट के मुकाबले रोचक होते जा रहे हैं। मुंबई इंडियंस अभी अंक तालिका में आठ अंकों के साथ छठे स्थान पर और इतने ही अंकों के सथ दिल्ली डेयरडेविल्स पांचवे स्थान पर है।
मुंबई और कोलकाता दोनों के लिए शुक्रवार का मुकाबला महत्वपूर्ण है। स्थानीय डीवाई पाटील स्टेडियम अब तक मुंबई इंडियंस के लिए भाग्यशाली रहा है और टीम यहां अपने चार में से तीन मुकाबले जीतने में कामयाब रही है। ऐसे में इंडियंस यह चाहेगी कि कोलकाता के खिलाफ यह मैदान एक फिर उनके लिए लकी साबित हो। कोलकाता की टीम ने चार मैच हारने के बाद जिस तरीके से टूर्नामेंट में वापसी की, वो काबीले तारीफ है। जिस टीम में सौरव, सलमान बट्ट, डेविड हसी और लक्ष्मी रतन शुक्ला जैसे बल्लेबाज हों उसे कोई टीम हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती। नाइट राइडर्स की यह कोशिश होगी कि वे यह मैच जीत कर सेमीफाइनल में अपने पहुंचने की राह को और सुगम बना लें। वहीं इंडियंस भी टूर्नामेंट के इस स्टेज पर अब कोई मैच हारना नहीं चाहेंगे।