मुंबई.
चोरी गए वाहन का पता लगाना कितना मुश्किल काम है, यह कोई भुक्तभोगी ही बता सकता है। हालांकि मुंबई के एक स्टॉक ब्रोकर ने मोबाइल और अनोखे सॉफ्टवेयर की मदद से चोरी गई अपनी स्कार्पियो कार को मात्र डेढ़ घंटे में खोज निकाला।
पेशे से स्टाक ब्रोकर राजेश अजमेरा की कार में लगा सॉफ्टवेयर माइक्रो वीबीबी (व्हिकल ब्लैक बॉक्स) एसएमएस के जरिए लगातार कार की पोजिशन बताता है। इसी सॉफ्टवेयर के जरिए उन्हें मोबाइल पर एसएमएस मिला कि कोई उनकी कार में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा है। उनके चौकीदार ने भी देखा कि कुछ लोग उनकी कार में बैठकर जा रहे हैं।
पुलिस को विश्वास नहीं : मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में कार चोरी की शिकायत करने के बाद जब अजमेरा ने उन्हें बताया कि उनकी कार मुंबई के रास्ते पर दौड़ रही है तो पुलिस को विश्वास नहीं हुआ। बाद में पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कातकडे ने माना कि अजमेरा की सूचना सही साबित हुई, उनकी कार कल्याण के एक पुल पर खड़ी हुई मिल गई।
चोर भी शातिर : हालांकि सॉफ्टवेयर की मदद से कार के सारे दरवाजों पर तालाबंदी कर दी गई थी, लेकिन चोरों ने तार काट दिया और किसी तरह कार लेकर भागने में सफल रहे।
सॉफ्टवेयर की खासियत : माइक्रो वीबीबी नाम का यह सॉफ्टवेयर चोरी रोकने का सुरक्षा तंत्र है। वाहन की स्थिति बताने में सक्षम यह सॉफ्टवेयर जबरन घुसने की कोशिश और धुएं की पहचान करके तुरंत सूचना देता है। किसी भी कंपनी के मोबाइल फोन से इसे ऑपरेट किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए जीएसएम नेटवर्क होना जरूरी है। अब अजमेरा अपने 11 अन्य वाहनों में भी यह सॉफ्टवेयर लगा रहे हैं।